अछनेरा (आगरा)। अछनेरा-फरह मार्ग स्थित प्रसिद्ध बुर्जा वाले हनुमान मंदिर में सोमवार देर रात चोरों ने धावा बोल दिया। मंदिर के पीछे से लोहे का गेट काटकर अंदर घुसे चोर सीसीटीवी कैमरों पर कपड़ा डालकर दानपात्र उठा ले गए। बताया जा रहा है कि दानपात्र में करीब तीन महीने की दान राशि जमा थी।
घटना सोमवार रात करीब तीन बजे की बताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में साफी से चेहरे ढके तीन संदिग्ध मंदिर परिसर में नजर आ रहे हैं। चोरों ने वारदात से पहले सीसीटीवी कैमरों को कपड़े से ढक दिया और इसके बाद दानपात्र उठाकर मंदिर के पीछे खेत में ले गए। वहां दानपात्र से रकम निकालने के बाद उसे खेत में फेंककर फरार हो गए।
सुबह दर्शन करने पहुंचे लोगों को हुई जानकारी
मंगलवार सुबह करीब सात बजे श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे तो पीछे की ओर लोहे का जंगला कटा हुआ मिला। मंदिर में चोरी की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर संदिग्ध चोरों की पहचान और उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पांचवीं बार चोरी से ग्रामीणों में आक्रोश
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, मंदिर में चोरी की यह पांचवीं घटना है। लगातार हो रही चोरी और पूर्व की घटनाओं का खुलासा नहीं होने से श्रद्धालुओं तथा ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों और मंदिर प्रबंधन ने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने तथा मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान में जुटी है।
