बिना मंजूरी जारी सूची पर रूबी खान का बड़ा एक्शन, नियुक्तियों पर तत्काल रोक
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग में जिला और शहर अध्यक्षों की नियुक्तियों को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। AICC अल्पसंख्यक विभाग की यूपी प्रभारी रूबी खान ने 9 सितंबर 2026 को पत्र जारी कर बिना निर्धारित अनुमति के जारी की गई नियुक्तियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।
रूबी खान ने सोहेल अख्तर अंसारी को संबोधित पत्र में कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली है कि 9 सितंबर को बिना प्रदेश प्रभारी को विश्वास में लिए और राष्ट्रीय चेयरमैन की अनुमति के बिना अल्पसंख्यक विभाग के जिला एवं शहर अध्यक्षों की सूची जारी की गई।
पत्र में इसे विभाग की निर्धारित कार्यप्रणाली के विपरीत बताते हुए साफ कहा गया है कि राष्ट्रीय चेयरमैन की मंजूरी के बिना की गई ऐसी कोई भी नियुक्ति मान्य नहीं होगी।
इमरान प्रतापगढ़ी के निर्देश का हवाला
रूबी खान ने राष्ट्रीय चेयरमैन इमरान प्रतापगढ़ी के निर्देशों का हवाला देते हुए संबंधित नियुक्तियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने की बात कही है।
पत्र की प्रतियां उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन सोहेल अख्तर अंसारी और सह प्रभारी महमूद खान को भी भेजी गई हैं।
अब सवाल—किसकी सूची होगी मान्य?
इस पत्र के सामने आने के बाद यूपी कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग में संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब निगाहें कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व पर हैं कि जिला और शहर अध्यक्षों की नियुक्तियों को लेकर अंतिम फैसला कब और किस स्तर से किया जाता है।
Times of Taj | Special Report
