आगरा। ताजनगरी के वरिष्ठ कवि, साहित्यकार और रामकथा मर्मज्ञ पंडित योगेश चंद्र शर्मा ‘योगी’ ने एक बार फिर आगरा का मान बढ़ाया है।
राजस्थान के श्रीनाथद्वारा स्थित प्रतिष्ठित साहित्य-मंडल ने उन्हें ‘हिंदी काव्य भूषण’ की मानद उपाधि से सम्मानित किया है। श्री भगवती प्रसाद देवपुरा प्रेक्षागृह में आयोजित तीन दिवसीय ‘हिंदी लाओ-देश बचाओ समारोह-2026’ में उनको यह सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह में देशभर के विद्वानों की उपस्थिति में उन्हें उपाधि-पत्र, श्रीनाथजी की छवि, प्रसाद, मेवाड़ी पगड़ी, शॉल, श्रीफल और माला पहनाकर अलंकृत किया गया। उनका गद्यात्मक और पद्यात्मक परिचय भरतपुर के कवि हरिओम हरि और नरेंद्र निर्मल ने प्रस्तुत किया।
समारोह के मुख्य अतिथि चंडीगढ़ के विद्वान डॉ. अमर सिंह बधान और भरतपुर के पं. ब्रजेश कौशिक रहे। अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष पं. मदन मोहन शर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में दिल्ली से वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. राहुल मौजूद रहे। संचालन साहित्य-मंडल के प्रधानमंत्री श्याम देवपुरा ने किया।
उल्लेखनीय है कि लॉयर्स कॉलोनी निवासी और भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त 81 वर्षीय योगी जी को हाल ही में वाराणसी में राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित ‘रामायणी सम्मान’ से भी विभूषित किया गया था।
