अचानक पहुंचे डीएम, फार्मासिस्ट मिला गायब; प्रसव सेवाओं को लेकर बड़ा फैसला
फर्रुखाबाद। तहसील समाधान दिवस के बाद जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने अमृतपुर क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। अचानक हुए निरीक्षण से स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई।
पीएचसी अमृतपुर में मरीजों की भारी संख्या को देखते हुए डीएम ने ओपीडी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा मरीजों को समय से जांच और उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान फार्मासिस्ट के अनुपस्थित मिलने पर डीएम ने कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति पर विशेष निगरानी रखने को कहा।
प्रसव सेवाओं के प्रभावित होने की जानकारी मिलने पर डीएम के निर्देश पर सीएमओ ने पीएचसी अमृतपुर में स्टाफ नर्स की नियुक्ति के आदेश दिए। इससे प्रसव सेवाओं को दोबारा सुचारु करने की तैयारी है।
डीएम ने मरीजों से सीधे बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। सीएचसी में सीबीसी सहित जांच मशीनों को सुचारु रखने और तकनीकी खराबी होने पर तत्काल दूर करने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद पीएचसी पिथनापुर और सीएचसी राजेपुर की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। बाढ़ के बाद जलजनित एवं संक्रामक बीमारियों की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने साफ कहा कि मरीजों को समय पर इलाज और जरूरी सुविधाएं मिलनी चाहिए, लापरवाही मिलने पर कार्रवाई होगी।
