संत शिरोमणि के 165वें जन्मोत्सव पर खटीक पाड़ा से निकली शोभायात्रा, प्रमुख बाजारों से होते हुए बाबा दुर्बलनाथ बगीची पहुंची
आगरा। राष्ट्रीय संत शिरोमणि श्री श्री 1008 दुर्बलनाथ जी महाराज के 165वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मंगलवार को बाबा दुर्बलनाथ जी सेवा समिति की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। खटीक पाड़ा स्थित श्री दुर्गा मंदिर कमेटी हॉल से दोपहर दो बजे शुरू हुई शोभायात्रा में समाज के लोगों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बाबा दुर्बलनाथ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
शोभायात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो एसपी सिंह बघेल और कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने दीप प्रज्वलित कर किया। अध्यक्षता ओमप्रकाश चलनी वाले ने की, जबकि हेमंत खटीक चलनी वाले शोभायात्रा संयोजक रहे। शिव कुमार राजौरा ने अध्यक्ष के रूप में आयोजन की व्यवस्थाओं और कार्यक्रम का मार्गदर्शन किया। शोभायात्रा में श्रद्धालु भक्ति और उल्लास के साथ शामिल हुए।
केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि संत शिरोमणि बाबा दुर्बलनाथ जी महाराज का जीवन समाज को अपनी जड़ों, संस्कारों और सेवा की भावना से जुड़े रहने की प्रेरणा देता है। ऐसे संतों की स्मृति में होने वाले आयोजन हमारी सामाजिक विरासत को जीवंत रखने का काम करते हैं। कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि समाज की ताकत उसकी एकता में होती है और बाबा दुर्बलनाथ जी के जन्मोत्सव पर इतनी बड़ी संख्या में लोगों का एक साथ आना इसी एकजुटता का परिचायक है।
प्रमुख बाजारों से होते हुए बगीची में हुआ समापन
शोभायात्रा खटीक पाड़ा स्थित दुर्गा मंदिर से प्रारंभ होकर तिकोनिया हनुमान मंदिर, घटिया चौराहा, फुलट्टी बाजार, फुव्वारा चौराहा, सिंधी बाजार और कालीबाड़ी होते हुए बाबा दुर्बलनाथ बगीची पहुंची, जहां श्रद्धा और भक्तिभाव के बीच शोभायात्रा का समापन हुआ। शोभायात्रा में दो दर्जन से अधिक झांकियां शामिल रहीं।
मार्ग में श्रद्धालुओं ने बाबा दुर्बलनाथ के जयकारे लगाए। जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। संत शिरोमणि के जन्मोत्सव को लेकर समाज में विशेष उत्साह दिखाई दिया।
संत परंपरा और समाज को जोड़ने का अवसर
शोभायात्रा अध्यक्ष ओमप्रकाश चलनी वाले ने कहा कि बाबा दुर्बलनाथ जी महाराज की शिक्षाएं समाज को एकता, सेवा, सद्भाव और संस्कारों की राह दिखाती हैं। उनके 165वें जन्मोत्सव पर निकाली गई शोभायात्रा संत परंपरा के प्रति श्रद्धा प्रकट करने के साथ समाज की एकजुटता का भी संदेश है। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी समाजबंधुओं और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
शोभायात्रा संयोजक हेमंत खटीक चलनी वाले ने कहा कि बाबा दुर्बलनाथ जी महाराज समाज के लिए श्रद्धा और प्रेरणा के केंद्र हैं। जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित शोभायात्रा में समाज के लोगों ने जिस उत्साह से सहभागिता की, वह बाबा के प्रति उनकी गहरी आस्था को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि समिति का प्रयास है कि संत की शिक्षाओं और सेवा भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाए।
बाबा दुर्बलनाथ जी सेवा समिति के अध्यक्ष शिव कुमार राजौरा ने कहा कि बाबा दुर्बलनाथ जी महाराज का जीवन समाज को सेवा, सद्भाव और समरसता का संदेश देता है। 165वें जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज को अपनी संत परंपरा और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। उन्होंने शोभायात्रा को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
तीन दिवसीय आयोजन में भजन-कीर्तन और भंडारा भी
बाबा दुर्बलनाथ जी महाराज के जन्मोत्सव के तहत तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सोमवार रात भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। मंगलवार को विशाल शोभायात्रा निकाली गई। बुधवार 23 सितंबर को शाम चार बजे विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्य रूप से ओमप्रकाश चलनी वाले, मदन किशोर पलवार, हेमंत खटीक चलनी वाले, तजेन्द्र राजौरा, विनय अग्रवाल, प्रमोद गुप्ता, अंगद धारिया, चन्द्रसेन पलवार, प्रीतम चन्द सीवाल, झम्मन पलवार, तोता राम राजौरा, डालचन्द बडगूजर, रम्मी लाल बस वाले, सोहनलाल बुलिया, लक्ष्मण बागड़ी, ईश्वर बडगूजर, प्रेम घूते, गया प्रसाद, पप्पू राजौरा, काशीराम नागर, प्रीतम आभा कछवाहा, मोहर सिंह चेतीवाधू, पप्पू खितोलिया, सूरज नगर, अंगद धारिया, शिव सिंह चक, मीरा देवी राजौरा, मनोज राजौरा, अर्जुन सिंह खरीका, संतोष के. खरोक, सियाराम राजौरिया, जगदीश राजोरिया को सम्मानित किया गया।
समिति की ओर से संजय घूते, सुभाष राजौरा, उपाध्यक्ष जीतू बागड़ी, सुन्दर पुरोलिया, राजकुमार आसीवाल, लाखन सिंह चक, शिवकुमार शिब्बे, महामंत्री सुभाष राजौरा, सुमित घूते, मंत्री सुरेश पलवार (खलीफा), लक्ष्मीचन्द्र राजौरा, तीरथ मल्होत्रा, चन्द्रपाल राजौरा, देवीराम खितोलिया, मुल्कराज पलवार, गोपाल बसवाला, कोषाध्यक्ष लक्ष्मण आसीवाल, सह कोषाध्यक्ष राकेश राजौरा, मीडिया प्रभारी सत्यप्रकाश पलवार, भगवत दयाल बडगुजर आदि उपस्थित रहे।
