कासगंज। सहावर क्षेत्र के जमालपुर गांव में लंबे समय से जर्जर रास्ते की समस्या से परेशान ग्रामीणों को अब राहत मिल गई है। शुक्रवार को अमापुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक हरिओम वर्मा ने गांव पहुंचकर नवनिर्मित आरसीसी सड़क का फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर उद्घाटन किया।

सड़क निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों को बारिश के दिनों में होने वाले कीचड़ और जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। विधायक के गांव पहुंचने पर ग्राम प्रधान एवं क्षेत्रीय भाजपा कार्यकर्ताओं की अगुवाई में ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर विधायक हरिओम वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार बिना किसी भेदभाव के गांव-गांव तक विकास कार्य पहुंचा रही है। प्रदेश और केंद्र सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। ग्रामीण क्षेत्रों में पक्की सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे किसानों, विद्यार्थियों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
विधायक ने क्षेत्र में कराए गए अन्य विकास कार्यों और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी। वहीं, गांव के बुजुर्गों और महिलाओं ने सड़क निर्माण पर खुशी जताते हुए कहा कि बारिश के दौरान जर्जर रास्ते से निकलना काफी मुश्किल होता था। स्कूली बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता था। आरसीसी सड़क बनने से ग्रामीणों को काफी सुविधा मिलेगी।
उद्घाटन समारोह में जमालपुर ग्राम प्रधान देवेंद्र सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष हरिभान शाक्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
