कार्यकर्ताओं से प्रतिदिन एक घंटा संगठन को देने और पांच-पांच नए लोगों को जोड़ने की अपील
आगरा। बोदला स्थित यूथ जिला महानगर कार्यालय पर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) की युवा इकाई की बैठक आयोजित की गई। बैठक युवा जिला अध्यक्ष इरफान सैफी एवं युवा शहर अध्यक्ष फ़ैज़ सैफी के नेतृत्व में हुई।
बैठक में संगठन को बूथ और वार्ड स्तर तक मजबूत करने तथा अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने को लेकर चर्चा की गई। युवा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आगरा में संगठन को मजबूत करने तथा पार्टी का संदेश घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए AIMIM उत्तर प्रदेश के प्रदेश संयुक्त सचिव मिर्जा मुकर्रम बेग ने कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार को लेकर दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता अपने स्तर पर लगातार प्रयास करे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि हर कार्यकर्ता कम से कम पांच लोगों को संगठन से जोड़ने का प्रयास करे और प्रतिदिन सिर्फ एक घंटा पार्टी के काम के लिए दे।
मिर्जा मुकर्रम बेग ने कहा कि कार्यकर्ताओं से यह अपेक्षा नहीं है कि वे 24 घंटे या चार घंटे पार्टी को दें, बल्कि प्रतिदिन एक घंटा भी संगठन के लिए समर्पित करना पार्टी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान होगा।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष शमशेर खान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त सचिव राजू अब्दुल्लाही खालिक, शहजाद कुरैशी, तैय्यब खान, मोहसिन राजा कादरी, सोहेल सैफी, शाहवाज सैफी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और युवा कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
