आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के ललित कला संस्थान में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना के सौजन्य से विद्यार्थियों को अंगदान एवं नशामुक्त विकसित भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को देश, समाज, परिवार एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ अंगदान के महत्व के प्रति संवेदनशील बनाना था।
कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी के मार्गदर्शन में ललित कला संस्थान के निदेशक प्रो. संजय चौधरी द्वारा किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शीतल शर्मा ने कार्यक्रम का समन्वय किया। दीपक कुलश्रेष्ठ ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों तथा कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए अंगदान एवं नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर ललित कला संस्थान के उप निदेशक डॉ. मनोज कुमार, डॉ. अरविंद कुमार राजपूत, डॉ. गणेश कुशवाहा, देवेंद्र कुमार सिंह सहित संस्थान के शिक्षक, शोधार्थी कुसुम, नीरज तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
