सोनम बगवाड़ी को प्रदेश प्रभारी और आभा बड़थवाल को गढ़वाल मंडल की जिम्मेदारी
लखनऊ। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने संगठन को मज़बूत करने की दिशा में कदम तेज़ कर दिए हैं। पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष समेत दो प्रमुख संगठनात्मक पदों पर नियुक्तियां की हैं।
हल्द्वानी निवासी अब्दुल मतीन सिद्दीकी को समाजवादी पार्टी उत्तराखंड का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, सोनम बगवाड़ी को पूरे उत्तराखंड का प्रभारी और आभा बड़थवाल को गढ़वाल मंडल का प्रभारी बनाया गया है।
बताया गया है कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने हाल ही में उत्तराखंड के पार्टी नेताओं के साथ बैठक की थी। इसके बाद उनके निर्देश पर नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्थित आजाद नगर निवासी अब्दुल मतीन सिद्दीकी को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। उनके नेतृत्व में पार्टी उत्तराखंड में संगठन के विस्तार और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को आगे बढ़ाएगी।
वहीं, देहरादून निवासी सोनम बगवाड़ी को पूरे उत्तराखंड का प्रभारी बनाया गया है। उनके जिम्मे प्रदेश संगठन की गतिविधियों के समन्वय और पार्टी कार्यक्रमों को गति देने की जिम्मेदारी होगी।
देहरादून की ही आभा बड़थवाल को गढ़वाल मंडल का प्रभारी नियुक्त किया गया है। पार्टी के अनुसार, इस नियुक्ति से मंडल स्तर पर संगठन को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इन नियुक्तियों के जरिए समाजवादी पार्टी ने उत्तराखंड में अपने संगठनात्मक ढांचे को सक्रिय करने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए तैयारी बढ़ाने का संकेत दिया है।
— अज़हर उमरी, वरिष्ठ पत्रकार
