काले कपड़ों में पहुंचीं महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव नम्रता दान
आगरा। आगरा जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में रविवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरुद्ध कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुभाष पार्क से जिला मुख्यालय तक विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने विभिन्न नारे लगाए और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित किए जाने की मांग उठाई।
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव नम्रता दान काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन में शामिल हुईं। उनके कपड़ों पर ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ लिखा हुआ था।
इस मौके पर नम्रता दान ने सवाल उठाया कि भारतीय जनता पार्टी चुनाव आयुक्त पर लगाए जा रहे आरोपों का जवाब देने के लिए सामने क्यों आ रही है। उन्होंने पूछा कि क्या भाजपा चुनाव आयोग की प्रवक्ता है। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार को सत्ता से हटाने के लिए संघर्ष करेंगे।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘चुनाव आयुक्त शर्म करो’, ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ और ‘वोट चोरी बंद करो’ जैसे नारे लगाए।
प्रदर्शन के दौरान एक महिला कार्यकर्ता हाथ में पोस्टर लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त से सवाल करती नजर आई। पोस्टर पर लोकतंत्र में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग लिखी थी। पोस्टर पर इसे ‘शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक विरोध’ भी बताया गया।
विरोध प्रदर्शन में जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रमुख रूप से रामनाथ सिकरवार, अमित सिंह, अश्विनी जैन, राम टंडन, लक्ष्मी नारायण, माया माहौर, चौधरी बच्चू सिंह, गीता सिंह और पारो शर्मा सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
