कासगंज। अमांपुर विधानसभा क्षेत्र में बीते दिनों हुई मूसलाधार बारिश से किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। खेतों में कई फीट तक पानी भर जाने के कारण धान, बाजरा समेत अन्य फसलों के खराब होने से किसान आर्थिक संकट में हैं।
किसानों की समस्या को देखते हुए अमांपुर विधायक हरिओम वर्मा ने जिलाधिकारी प्रणय सिंह को पत्र लिखकर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल फसलों के नुकसान का सर्वे कराने और पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग की है।
विधायक ने अपने पत्र में कहा कि विधानसभा क्षेत्र 101-अमांपुर के अनेक गांवों में अत्यधिक बारिश के कारण खेत जलमग्न हो गए हैं। जलभराव के चलते तैयार फसलों के नष्ट होने से किसानों को भारी आर्थिक क्षति हुई है।
उन्होंने प्रशासन से राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर प्रभावित गांवों का स्थलीय निरीक्षण कराने तथा नुकसान की पारदर्शी रिपोर्ट तैयार कराने की मांग की। साथ ही शासन के नियमों के अनुसार आपदा राहत कोष और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने की मांग की।
वहीं, प्रभावित किसानों का कहना है कि फसल बर्बाद होने से उनकी लागत भी नहीं निकल पाई है और अब अगली फसल की बुवाई को लेकर भी चिंता बनी हुई है। विधायक की पहल के बाद किसानों को प्रशासन से राहत और मुआवजा मिलने की उम्मीद जगी है।
