प्रशासन के आश्वासन पर अब्दुल हफीज गांधी ने भूख हड़ताल स्थगित की
कासगंज।पटियाली विधानसभा क्षेत्र की लंबे समय से लंबित जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर 2 अक्टूबर को स्वतंत्रता सेनानी शहीद महावीर सिंह जी की प्रतिमा के पास अब्दुल हफीज गांधी, राष्ट्रीय प्रवक्ता समाजवादी पार्टी, द्वारा शुरू की गई भूख हड़ताल को प्रशासन के आश्वासन के बाद स्थगित कर दिया गया।

भूख हड़ताल शुरू होने के बाद उप जिलाधिकारी पटियाली सुशांत साँवरे तथा पटियाली क्षेत्राधिकारी अमित कुमार स्वयं धरना स्थल पर पहुंचे और अब्दुल हफीज गांधी से मुलाकात कर उनकी मांगों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान पटियाली विधानसभा क्षेत्र की सभी प्रमुख मांगों को एक-एक करके प्रशासन के समक्ष रखा गया और प्रत्येक मांग की स्थिति तथा उसके समाधान की संभावनाओं पर बातचीत हुई।
अब्दुल हफीज गांधी ने प्रशासन को मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के नाम उप जिलाधिकारी पटियाली के माध्यम से ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में पटियाली विधानसभा क्षेत्र में सरकारी विश्वविद्यालय की स्थापना, गंगा कटान एवं बाढ़ से बचाव के लिए विभिन्न स्थानों पर पक्के बांधों का निर्माण, आधुनिक कृषि मंडी, गंजडुंडवारा बाईपास, रेलवे ओवरब्रिज, रोडवेज बस अड्डे एवं बस सेवाएं, कादरगंज घाट का विकास, विभिन्न सड़कों की मरम्मत, गंगा पार क्षेत्र में खाद केंद्र, गौशाला, बिजलीघर, सरकारी अस्पताल एवं बैंक शाखा, पुल-पुलियाओं के निर्माण सहित 15 प्रमुख जनहित की मांगें शामिल हैं।
वार्ता के दौरान उप जिलाधिकारी सुशांत साँवरे ने आश्वासन दिया कि इन मांगों को गंभीरता से लिया जाएगा तथा जिन मांगों के लिए शासन अथवा अन्य विभागों की स्वीकृति एवं कार्यवाही आवश्यक है, उनके संबंध में संबंधित विभागों और शासन को पत्र भेजे जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन अपनी ओर से इन मांगों को आगे बढ़ाने तथा आवश्यक पत्राचार करने का प्रयास करेगा।
अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि पटियाली विधानसभा की ये समस्याएं आज की नहीं हैं। इन समस्याओं को वह और क्षेत्र की जनता पहले भी कई बार ज्ञापन एवं अन्य माध्यमों से शासन-प्रशासन के सामने उठा चुके हैं, लेकिन अपेक्षित स्थायी समाधान नहीं हो सका है। इसी कारण आज भूख हड़ताल का निर्णय लिया गया था।
उन्होंने कहा कि “आज हमारी भूख हड़ताल शुरू हुई थी और आज ही प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने धरना स्थल पर पहुंचकर हमारी सभी मांगों को गंभीरता से सुना है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि हमारी मांगों को शासन एवं संबंधित विभागों तक पहुंचाया जाएगा भूख हड़ताल को फिलहाल स्थगित कर रहे हैं।”
लेकिन यदि दो महीने के भीतर हमारी मांगों पर ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं होती है, तो हम दोबारा धरना-प्रदर्शन और भूख हड़ताल शुरू करने के लिए मजबूर होंगे।”
इस अवसर पर प्रेम सिंह शाक्य ने कहा कि पटियाली विधानसभा क्षेत्र की समस्याएं किसी एक गांव, जाति या वर्ग की समस्याएं नहीं हैं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जनता से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि गंगा कटान और बाढ़ से ग्रामीणों की सुरक्षा, किसानों की समस्याएं, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और परिवहन जैसी बुनियादी सुविधाओं का सवाल पूरे विधानसभा क्षेत्र के भविष्य से जुड़ा हुआ है।डॉ रोहतास यादव ,राशिद अली ने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष जारी रहेगा।
इस अवसर पर ईसार अली, रामविलास यादव, हसमत अली, असलम खान, तारिक महमूद मंसूरी, डॉ रोहतास, टीपू खान, महावीर सिंह, मोहम्मद शाहिद, रामेश्वर फौजी, हिकमत अली, उर्वेश यादव, रईस शाह, लालू यादव, रशीद अली, विनीत सविता, बादल प्रजापति, नफीस खान, सरवीर सिंह शाक्य, रमनेश यादव, अरुण कुमार, आदि लोग मौजूद रहे।
