नई प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात कर कांग्रेसजनों ने दी शुभकामनाएं, संगठन को मजबूत करने और 2027 की तैयारियों में जुटने का भरोसा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ को बधाई देने के लिए शनिवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों से कांग्रेसजनों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने 2 अक्टूबर को आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है।
प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आराधना मिश्रा ‘मोना’ को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कांग्रेसजनों ने संगठन के साथ एकजुट होकर कार्य करने तथा आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर सक्रियता बढ़ाने की बात कही।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश से सहारनपुर, बिजनौर, बागपत, अमरोहा, आगरा और मैनपुरी सहित विभिन्न जिलों से कांग्रेसजन पहुंचे। वहीं औरैया, कानपुर, कानपुर देहात, हरदोई, लखनऊ, सीतापुर, लखीमपुर, कौशाम्बी, रायबरेली, प्रतापगढ़, प्रयागराज, बलिया, देवरिया, गोरखपुर और कुशीनगर समेत पूर्वी एवं मध्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों से भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर प्रदेश अध्यक्ष को बधाई दी।
कांग्रेसजनों ने इस अवसर पर एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे संगठन को मजबूत करने के लिए प्रदेश नेतृत्व के साथ मिलकर कार्य करेंगे और पार्टी की ओर से तय कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
आराधना मिश्रा ‘मोना’ प्रतापगढ़ की रामपुर खास विधानसभा सीट से तीन बार की विधायक हैं और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने से पहले उत्तर प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की नेता थीं।
