जेल से रिहा हुए कांग्रेस प्रदेश महासचिव संगठन अनिल यादव और मथुरा जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर, कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

आगरा। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के आगरा स्थित पैतृक निवास पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के मामले में गिरफ्तार किए गए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव (संगठन) अनिल यादव, मथुरा जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अदालत से जमानत मिलने के बाद रविवार सुबह आगरा जिला जेल से रिहा कर दिया गया।
रिहाई के दौरान जेल के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा। बड़ी संख्या में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनिल यादव और मुकेश धनगर का फूल-मालाओं और नारों के साथ स्वागत किया।

जेल से बाहर आने के बाद कांग्रेस नेताओं का प्रतिनिधिमंडल सबसे पहले संजय पैलेस स्थित शहीद स्मारक पहुंचा। यहां उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद नेता राजा मंडी स्थित महानगर कांग्रेस कमेटी कार्यालय पहुंचे, जहां सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

‘कुर्सी से हटने तक सड़कों पर संघर्ष जारी रहेगा’
मीडिया से बातचीत में प्रदेश महासचिव (संगठन) अनिल यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र को कुचलने का प्रयास किया जा रहा है और कांग्रेस लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।

अनिल यादव ने कहा, “जब तक ज्ञानेश कुमार इस संवैधानिक कुर्सी पर बैठे हैं, कांग्रेस का कार्यकर्ता चैन से नहीं बैठेगा। हम सड़कों पर उतरकर संघर्ष करेंगे और बार-बार जेल जाने के लिए भी तैयार हैं, लेकिन पीछे नहीं हटेंगे।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई लड़ते रहेंगे।
‘लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए हर कुर्बानी को तैयार’
मथुरा जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों, मजदूरों और किसानों के वोटों के साथ अन्याय हुआ है।
मुकेश धनगर ने कहा, “सत्य की आवाज उठाने के एवज में हमें सलाखों के पीछे डाला गया, लेकिन हम लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए हर कुर्बानी देने को तैयार हैं। जब तक ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, हमारा संघर्ष जारी रहेगा।”
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपने विरोध और मांगों को उठाती रहेगी तथा आगे भी आंदोलन जारी रखने की बात कही।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव शाहनवाज आलम, ओमवीर यादव, आगरा महानगर अध्यक्ष अमित सिंह, मथुरा महानगर अध्यक्ष यतेंद्र मुकद्दम, बुलंदशहर के महानगर अध्यक्ष जिया उल रहमान, रामनिवास यादव, सतेंद्र दुबे, हेमंत चाहर, ताहिर हुसैन, सुगम शिवहरे, याकूब शेख, अदनान कुरैशी, विष्णु दत्त शर्मा, सोनू कन्नौजिया, दिलीप वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
