यूजीसी रोलबैक और “मुझे मेरा दोस्त लौटा दो” अभियान के साथ बदलाव का दिया संदेश
आगरा। उत्तर प्रदेश विधान परिषद स्नातक आगरा निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ ने सोमवार को अपने नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत आवास विकास सेक्टर-14 स्थित राज रॉयल गार्डन से पूजा-अर्चना एवं नारियल फोड़कर की। इस अवसर पर उनके परिवारीजनों, समर्थकों एवं विभिन्न जिलों के प्रभारियों की उपस्थिति में नामांकन प्रक्रिया के प्रथम चरण का शुभारंभ किया गया।
ई-रिक्शा से यात्रा और सरकार की नीतियों पर प्रहार
डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ ने अपने नामांकन यात्रा की शुरुआत टिर्री (ई-रिक्शा) के माध्यम से की। हाल ही में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री द्वारा युवाओं को रोजगार के नाम पर 4 घंटे ई-रिक्शा चलाने और परिवार का जीवन यापन करने संबंधी दिए गए बयान पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जब सरकार युवाओं को रोजगार देने में असमर्थ है और हर बेरोजगार को स्वयं रोजगार ढूंढने की सलाह देती है, तो ऐसी सरकार का जनता के लिए क्या औचित्य है?
“मुझे मेरा दोस्त लौटा दो” अभियान
यूजीसी रोलबैक के मुद्दे के साथ-साथ डॉ. राहुल राज ने एक नए अभियान “मुझे मेरा दोस्त लौटा दो” की घोषणा की। उन्होंने कहा:
“मेरा दोस्त दलित समाज से था, जिसके साथ मैंने पढ़ाई की, खाया-पिया और जीवन बिताया। परंतु वर्तमान कानूनी व्यवस्था और नीतियों के कारण आज समाज में ऐसी दूरी बन गई है जिससे हमारे रिश्ते प्रभावित हुए हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य दलित समाज और सवर्ण समाज के बीच की दूरी को मिटाकर आपसी भाईचारे को पुनः स्थापित करना है।”
शिक्षक और स्नातक वर्ग में बदलाव का समय, सही उम्मीदवार का करें चुनाव
नामांकन कार्यक्रम के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए प्रत्याशी ने शिक्षकों, स्नातकों और शिक्षा जगत की समस्याओं को लेकर अपने विचार रखे। उन्होंने मतदाताओं से इस बार जागरूक होकर सही और सक्षम प्रतिनिधि चुनने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यदि इस बार चुनाव में बदलाव नहीं हुआ और हमने इस बार सही विकल्प नहीं चुना तो पढ़े-लिखे स्नातकों, स्कूल प्रबंधकों और शिक्षकों की वास्तविक और गंभीर समस्याओं को सुनने और उठाने वाला कोई नहीं होगा।
23 तारीख को भारी संख्या में मतदान की अपील
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ को पूर्ण बहुमत से विजयी बनाने और क्षेत्र में नया बदलाव लाने का संकल्प लिया। साथ ही आगामी 23 तारीख को मतदाताओं से भारी से भारी संख्या में मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की गई।
प्रमुख पदाधिकारियों एवं प्रभारियों की उपस्थिति
इस अवसर पर चुनाव प्रबंधन व व्यवस्था प्रमुख श्रीमती प्राची राज कुलश्रेष्ठ, रोमा परमार व अतुल कुलश्रेष्ठ, मीडिया प्रभारी प्रदीप शर्मा, नीलम शर्मा फिरोजाबाद, अनुराग श्रीवास्तव, योगेश कुलश्रेष्ठ, के.के. सिंह, सोनिया सिंह, फर्रुखाबाद से कंचन मिश्रा, कन्नौज से सौरभ श्रीवास्तव, इटावा से नीलम चौरसिया, मथुरा से नीतू राजौरिया, अलीगढ़ से अनीता परिहार एवं विक्की, कासगंज से रिचा शर्मा, एटा से अनुराग श्रीवास्तव, मैनपुरी से इंदु सिंह, हाथरस से पुष्पेंद्र सिंह, औरैया से मनीष मिश्रा सहित आगरा, मथुरा एवं अन्य निकटवर्ती जिलों से आए अनेक मित्रगण एवं समर्थक उपस्थित रहे। इनमें दिलीप जौहरी, संदेश शर्मा, अनिल शर्मा, मनीष पुजारी, प्रतीक सिंह, अंकित बिंदल, राजदीप कुशवाह, अश्वनी वर्मा, वीरेंद्र सिंघल, अंकित पटेल और राजदीप कुशवाह भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
