24 अक्टूबर को आगरा में होगा धार्मिक एवं सांस्कृतिक समारोह, बाल संत भक्त भागवत जी बच्चों और युवाओं को देंगे भक्ति व संस्कारों का संदेश
आमंत्रण पत्र का विमोचन, सुंदरकांड पाठ, दीपावली पूजन विधि और संस्कारवान परिवारों का सम्मान रहेगा आकर्षण
आगरा। सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार, भारतीय संस्कारों के संरक्षण और समाजसेवा को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ ‘भक्ति वेव: सेवा, प्रसार, सनातन’ संस्था नई पहल करने जा रही है। संस्था के ध्येय वाक्य ‘भक्ति से सेवा, सेवा से परिवर्तन’ को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 24 अक्टूबर को कमला नगर स्थित महाराजा अग्रसेन सेवा सदन में भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र का विमोचन दयालबाग स्थित होटल पूनम प्लाजा में किया गया।
संस्था के संस्थापक संचित गोयल ने बताया कि समारोह का मुख्य आकर्षण बाल संत भक्त भागवत जी होंगे। अपने प्रेरक संदेश ‘हेलो-हाय छोड़ो, भक्ति से नाता जोड़ो’ के माध्यम से वह बच्चों और युवाओं को सनातन संस्कृति, भारतीय परंपराओं और संस्कारों से जुड़ने की प्रेरणा देंगे। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन करना नहीं, बल्कि भक्ति के माध्यम से सेवा और समाज में सकारात्मक परिवर्तन की भावना को मजबूत करना है।
परिवारों को किया जाएगा सम्मानित
संस्था के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार गोयल ने बताया कि बच्चों और युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है। समारोह में उन परिवारों को सम्मानित किया जाएगा, जो अपने बच्चों को सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और भारतीय संस्कारों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि परिवार संस्कारों की पहली पाठशाला है और परिवारों के प्रयासों से ही सांस्कृतिक विरासत अगली पीढ़ी तक पहुंचती है।
उन्होंने यह भी बताया कि कार्यक्रम में बाल संत भक्त भागवत जी के साथ अन्य संतगण भी उपस्थित रहेंगे। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बाल संत भक्त भागवत जी के प्रशंसक हैं।
सुंदरकांड पाठ से होगा समारोह का शुभारंभ
संस्था के महासचिव तुषार गोयल ने बताया कि 24 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे सुंदरकांड पाठ और प्रसादी के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। दूसरे सत्र में पंडित सुभाष चंद्र शास्त्री श्रद्धालुओं को दीपावली पूजन की विधि, मंत्रोच्चारण के महत्व और सनातन परंपरा के अनुरूप पूजा-अर्चना करने की जानकारी देंगे। शाम छह बजे से बाल संत भक्त भागवत जी की प्रस्तुति होगी।
चार मित्रों के विचार से हुआ संस्था का गठन
संस्था के कोषाध्यक्ष हरीश गोयल ने बताया कि मित्रता दिवस के अवसर पर चार मित्रों के बीच हुई सहज बातचीत से भक्ति वेव की स्थापना का विचार सामने आया। चर्चा का उद्देश्य सनातन संस्कृति, सेवा और समाजहित के लिए ऐसी पहल करना था, जो लोगों को आपस में जोड़े और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से परिचित कराए। विचार को सभी मित्रों का समर्थन मिला और सामूहिक संकल्प के साथ संस्था के गठन की दिशा में कदम बढ़ाए गए।
संस्था के मार्गदर्शक नंदकिशोर गोयल ने कहा कि विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं में कार्य करने के दौरान प्राप्त अनुभवों के माध्यम से वह भक्ति वेव को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। संस्था धार्मिक आस्था को सेवा से जोड़कर समाज में संस्कार, सहयोग और सद्भाव का वातावरण बनाने के लिए कार्य करेगी।
आमंत्रण पत्र विमोचन के अवसर पर लोकेश अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, देवांश अग्रवाल, महेंद्र गुप्ता, गौरिका गोयल, रोहित पुरी, प्रियंका गोयल, शालिनी गोयल, रूबी गोयल, अंजलि गोयल, विनीता अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
भक्ति वेव का संकल्प है कि धार्मिक आस्था को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए सेवा, संस्कार और सनातन संस्कृति के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए।
