आगरा में पर्यावरण संरक्षण पर संगोष्ठी आयोजित, हर घर में हरियाली और साइकिल के इस्तेमाल को बढ़ावा देने का आह्वान
आगरा। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और जनजागरण की दिशा में दि आइकॉनिक ग्लोबल फाउंडेशन की ओर से सराहनीय पहल की गई। रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को भोगीपुरा स्थित ग्रीन हाउस में पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरण विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान तुलसी सहित विभिन्न पौधों का वितरण कर लोगों को प्रकृति के संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता प्रमोद चाहर और विशिष्ट अतिथि फिल्म प्रोड्यूसर सूरज तिवारी ने मां दुर्गा के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवरात्रि में शक्ति स्वरूपा मां दुर्गा की आराधना के साथ प्रकृति संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।
मुख्य अतिथि प्रमोद चाहर ने कहा कि नवरात्रि आत्मशुद्धि और शक्ति साधना का पर्व है। वर्तमान समय में प्रकृति का संरक्षण भी अपने आप में एक आराधना है। उन्होंने पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के आयोजक एवं ‘ग्रीन मैन’ चन्द्रशेखर शर्मा ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर में तुलसी और अन्य पौधे लगाने चाहिए। छोटे-छोटे प्रयासों से धरती को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष अमित लवानिया ने कहा कि दि आइकॉनिक ग्लोबल फाउंडेशन का उद्देश्य समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण को साथ लेकर चलना है। वहीं, प्रमेन्द्र शर्मा और डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि सनातन संस्कृति प्रकृति और पर्यावरण के साथ सह-अस्तित्व का संदेश देती है।

संस्था के यतीश लवानिया और विवेक शर्मा ने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण की मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा प्रत्येक घर तक हरियाली पहुंचाने का आह्वान किया। संस्था की मार्गदर्शक ऋतु उपाध्याय ने उपस्थित लोगों से संस्था के आगामी कार्यक्रमों में साइकिल से आने का आग्रह किया, जिससे प्रदूषण कम करने में मदद मिल सके।
इस अवसर पर चतुर्भुज तिवारी और संजीव कटारिया ने उपस्थितजनों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के समापन पर तुलसी और अन्य पर्यावरण अनुकूल पौधों का वितरण किया गया।
विशिष्ट अतिथि फिल्म प्रोड्यूसर सूरज तिवारी ने संस्था की ओर से किए जा रहे सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य के कार्यक्रमों के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन डॉ. असीम आनंद ने किया, जबकि व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी अभिषेक बंसल ने संभाली।
कार्यक्रम में प्रमोद चाहर, सूरज तिवारी, चन्द्रशेखर शर्मा, अमित लवानिया, प्रमेन्द्र शर्मा, चतुर्भुज तिवारी, यतीश लवानिया, डॉ. मनोज कुमार शर्मा, विवेक शर्मा, आर.बी. लवानिया, ऋतु उपाध्याय, संजीव कटारिया, यशस्वी लवानिया, पंकज दीक्षित और अभिषेक बंसल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
डिस्क्लेमर: यह समाचार उपलब्ध जानकारी एवं संबंधित स्रोतों पर आधारित है। किसी भी दावे या आरोप की पुष्टि संबंधित आधिकारिक पक्ष से की जानी चाहिए।
Times of Taj | आगरा
