फतेहपुर सीकरी। दरगाह हजरत शेख सलीम चिश्ती में रविवार को अजमेर शरीफ के महान सूफी संत हजरत ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती (ख्वाजा गरीब नवाज) की मासिक छठी शरीफ की फातिहा का आयोजन पूरी अकीदत और एहतराम के साथ किया गया।
इस अवसर पर दरगाह शरीफ में तिलावत-ए-कुरान, फातिहा ख्वानी और शिजरा ख्वानी की रस्में अदा की गईं। इसके बाद पीरजादा सैफ मियां चिश्ती ने दरगाह में गुलपोशी कर मुल्क में अमन-चैन, आपसी भाईचारे, एकता और खुशहाली के लिए विशेष दुआ की। इस दौरान अकीदतमंदों के बीच तबर्रुक भी वितरित किया गया।
पीरजादा सैफ मियां चिश्ती ने बताया कि हर इस्लामी महीने की चांद की छह तारीख को अजमेर शरीफ स्थित ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह पर छठी शरीफ मनाई जाती है। इसी परंपरा के तहत दरगाह सलीम चिश्ती में भी फातिहा का विशेष इंतजाम किया गया।
इस मुकद्दस मौके पर एहसान साबरी, हाफिज आलम, अनवर भाई, अब्दुल कदीर, हाजी पप्पू, फहीम भाई, चांद कुरैशी, हनीफ कुरैशी, शानू, मुस्तकीम और आकिब हुसैन सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जायरीन मौजूद रहे।
