IFWJ के 76वें स्थापना दिवस पर पत्रकारों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन, राष्ट्रीय पत्रकार रजिस्टर बनाने की मांग का किया समर्थन
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने पत्रकारों की पेंशन के मुद्दे पर उचित मंच पर पैरवी करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि 60 वर्ष से अधिक आयु के पत्रकारों को पेंशन का लाभ दिलाने के लिए अपने स्तर से हरसंभव प्रयास करेंगे। इस संबंध में अपर मुख्य सचिव सूचना एवं निदेशक सूचना से वार्ता की जाएगी। साथ ही अगले सप्ताह यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक भी की जाएगी।
अवनीश अवस्थी यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन की ओर से यूपी प्रेस क्लब में आयोजित इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (IFWJ) के 76वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में पत्रकारों की सुरक्षा, पेंशन, पहचान और अन्य समस्याओं पर चर्चा की गई। इस दौरान प्रधानमंत्री को संबोधित पत्रकारों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन भी मुख्य अतिथि को सौंपा गया।
राष्ट्रीय स्तर पर पत्रकारों का रजिस्टर बनाने की जरूरत
मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने पत्रकारों की पहचान से जुड़े मुद्दे को महत्वपूर्ण बताते हुए राष्ट्रीय स्तर पर पत्रकारों का रजिस्टर तैयार करने की मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि ऐसा रजिस्टर बनने से पत्रकारों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने में काफी मदद मिल सकती है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि पत्रकारों को लाभान्वित करने के लिए खेल विभाग से भी वार्ता की जाएगी। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और उन्हें अन्य स्तंभों की तरह मजबूत होकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।
पत्रकार सुरक्षा कानून और नेशनल रजिस्टर की मांग
गोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे IFWJ के अध्यक्ष गोपाल मिश्रा ने राष्ट्रीय स्तर पर पत्रकारों का रजिस्टर तैयार करने और पत्रकार सुरक्षा कानून बनाए जाने की मांग उठाई। उन्होंने पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान ने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं को लेकर सरकार भी चिंतित है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की मांगें जायज हैं और उनका समाधान होना चाहिए।
पवन सिंह चौहान ने कहा कि पत्रकार वास्तव में समाजसेवी की भूमिका निभाते हैं। अभावों और आलोचनाओं के बावजूद वे जनता की समस्याओं को उठाते हुए उसके अधिकारों की लड़ाई लड़ते रहते हैं। उन्होंने पत्रकारों की सुरक्षा और पेंशन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार के समक्ष मुद्दे उठाने तथा आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया।
पत्रकार संगठनों के पदाधिकारियों ने रखे विचार
कार्यक्रम में यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष हसीब सिद्दीकी, यूपी प्रेस क्लब के अध्यक्ष रवीन्द्र कुमार सिंह, राष्ट्रीय महासचिव विश्वदेव राव, प्रदेश महामंत्री देवराज सिंह और लखनऊ इकाई के अध्यक्ष शिवशरण सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर महामंत्री नितिन श्रीवास्तव, प्रेम कांत तिवारी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विजय शंकर पंकज, प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य रजा रिजवी, भास्कर दुबे, सुरेश यादव, सर्वेश तिवारी, अविनाश शुक्ला, अनिल सैनी, मोहम्मद जुबेर, पवन कुमार सिंह, रेनू निगम, नायला किदवाई, जेपी शुक्ला, सूर्य नारायण सिंह, कलानिधि मिश्रा, महिमा तिवारी, मुकुल मिश्रा, राकेश सिंह चौहान, अनिल त्रिपाठी, मोहम्मद जान तुर्की, विजय प्रकाश मिश्रा, आशीष कुमार सिंह, टी.एन. मिश्रा, भाजपा नेता प्रदीप सिंह बब्बू, सुमति सक्सेना, सुरेंद्र अग्निहोत्री, गंगेश मिश्रा, विजय मिश्रा और मोहम्मद तारिक फारुकी सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।
डिस्क्लेमर: यह समाचार उपलब्ध जानकारी एवं संबंधित स्रोतों पर आधारित है। किसी भी दावे या आरोप की पुष्टि संबंधित आधिकारिक पक्ष से की जानी चाहिए।
