दीपों की कतारों और रंगोली से जगमगाया कॉलेज परिसर, प्रधानाचार्य डॉ. सुधीर कुमार गुप्ता ने स्टाफ और विद्यार्थियों को दीं शुभकामनाएं
मारहरा (एटा)। दीपावली के पावन अवसर पर एटा जनपद के कस्बा मारहरा स्थित एमजीएचएम इंटर कॉलेज में उत्साह और उल्लास के साथ दीपोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर कॉलेज परिसर और छत पर 1100 दीप जलाकर रोशनी की गई। दीपों की जगमगाती कतारों और आकर्षक रंगोली ने पूरे परिसर को उत्सव के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि कॉलेज के हिंदू और मुस्लिम छात्र-छात्राओं ने मिलकर दीप प्रज्ज्वलित किए और आपसी भाईचारे, प्रेम एवं सद्भाव का संदेश दिया। सभी ने एक-दूसरे के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।
कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. सुधीर कुमार गुप्ता ने बताया कि दीपावली के अवसर पर विद्यालय प्रांगण में 1100 दीप जलाए गए। उन्होंने स्टाफ और छात्र-छात्राओं को मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। साथ ही सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर आलोक कुमार माहेश्वरी, अनिल चौहान, संजीव कुमार, दिनेश कुमार, जुम्मन खां, दिगंबर सिंह सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: शोएब कादरी, एटा।
डिस्क्लेमर: यह समाचार उपलब्ध जानकारी एवं संबंधित स्रोतों पर आधारित है। किसी भी दावे या आरोप की पुष्टि संबंधित आधिकारिक पक्ष से की जानी चाहिए।
