एडवोकेट नईम खान बोले– फारूकी की पदोन्नति समाज की तरक्की और गौरव का प्रतीक
मजहर आलम मजाहिरी ने कहा– बेदाग ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और लंबी सेवाओं का मिला सम्मान
जालंधर, 10 नवंबर। पंजाब के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एम.एफ. फारूकी को डीजीपी पंजाब की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर मुस्लिम संगठन पंजाब की ओर से खुशी जाहिर करते हुए उन्हें मुबारकबाद दी गई। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने पीएपी स्थित उनके कार्यालय पहुंचकर पुष्पगुच्छ भेंट किया और इस उपलब्धि पर बधाई दी।
इस अवसर पर मुस्लिम संगठन पंजाब के प्रधान एडवोकेट नईम खान ने कहा कि 1995 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एम.एफ. फारूकी की डीजीपी पंजाब के पद पर नियुक्ति उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव, कार्यक्षमता और कर्तव्य के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि फारूकी की यह पदोन्नति न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि समाज के लिए भी गर्व और प्रेरणा का विषय है।
एडवोकेट नईम खान ने उम्मीद जताई कि फारूकी के नेतृत्व में पंजाब पुलिस कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने, आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा निष्पक्ष एवं जनहितकारी पुलिस व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में नए आयाम स्थापित करेगी।
वहीं, संगठन के महासचिव मजहर आलम मजाहिरी ने कहा कि एम.एफ. फारूकी को डीजीपी पंजाब जैसे प्रतिष्ठित पद की जिम्मेदारी मिलना उनकी बेदाग ईमानदारी, साफ-सुथरी कार्यशैली और वर्षों की कर्तव्यनिष्ठ सेवाओं का सम्मान है। उन्होंने कहा कि फारूकी साहब ने अपने सेवाकाल में अपनी पेशेवर प्रतिबद्धता और ईमानदारी से विशिष्ट पहचान बनाई है।
मजहर आलम ने कहा कि किसी भी अधिकारी की सबसे बड़ी पहचान उसकी निष्पक्षता, ईमानदारी और जनता का विश्वास होता है। उन्हें विश्वास है कि फारूकी डीजीपी के रूप में भी जनसेवा, पारदर्शिता और निष्पक्षता की मिसाल कायम करेंगे।
मुस्लिम संगठन पंजाब ने एम.एफ. फारूकी के उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में पंजाब पुलिस आम जनता के विश्वास को और मजबूत करेगी।
डिस्क्लेमर: यह समाचार उपलब्ध जानकारी एवं संबंधित स्रोतों पर आधारित है। किसी भी दावे या आरोप की पुष्टि संबंधित आधिकारिक पक्ष से की जानी चाहिए।
