सज्जादानशीन सैयद नजीब हैदर नूरी की अध्यक्षता में हुई बैठक, जायरीनों के ठहरने, साफ-सफाई, पानी और शौचालय की व्यवस्था पर बनी सहमति
शोएब कादरी, एटा। एटा जनपद के मारहरा कस्बे में 20, 21 और 22 नवंबर को आयोजित होने वाले तीन दिवसीय उर्स-ए-कासिमी की तैयारियों को लेकर दरगाह शरीफ खानकाह-ए-बरकातिया की नूरी गद्दी पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। साहिबे सज्जादा सैयद नजीब हैदर नूरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में उर्स को हर साल की तरह इस बार भी पूरी शानो-शौकत और अकीदत के साथ मनाने का निर्णय लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए साहिबे सज्जादा सैयद नजीब हैदर नूरी ने कहा कि उर्स-ए-कासिमी में देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले तमाम जायरीनों की सुविधा और सहूलियत का विशेष ध्यान रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मारहरा के कस्बावासी उर्स को एक त्योहार की तरह मनाते हैं और इसमें बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाते हैं।
इस अवसर पर सैयद मोहम्मद अमान मियां ने कहा कि उर्स-ए-कासिमी सुन्नी समुदाय का एक बड़ा और ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन है, जिसकी मिसाल देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर में दी जाती है। इस आयोजन में शरीयत और तरीकत का खूबसूरत संगम देखने को मिलता है।
पूर्व पालिका अध्यक्ष परवेज जुबेरी ने नगर पालिका की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि उर्स के दौरान साफ-सफाई, पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था कराई जाएगी। साथ ही नगर पालिका के बारात घर को खाली कराकर जायरीनों के ठहरने के लिए उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि बाहर से आने वाले अकीदतमंदों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में हाफिज नाजिम, हाफिज यासीन, हाफिज रिजवान, हाफिज चांद और जमाल जनरल स्टोर सहित अन्य लोगों ने भी अपने विचार रखे और उर्स की तैयारियों में सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर सैयद मोहसिन मियां, मौलाना इरफान अजहरी, मौलाना असलम नवीन अजहरी, मौलाना शामी, कारी कौसर, मौलाना मुजफ्फर, हाफिज वकील, हाफिज परवेज, हाफिज जावेद, हाफिज राशिद, हाफिज कमल, सईदुल्लाह कादरी, डॉ. निहालुद्दीन, डॉ. तौफीक, मोहम्मद शमीम, जैनुल आबदीन बरकाती, चमन मियां, मजले मेंबर, भूरा बरकाती, असलम बरकाती, फरीद नूरी, गुलाम मोहम्मद, हसनैन चौधरी, शाकिब नूरी, शोएब नूरी, मोहम्मद नवाब, असीम खान सहित शहर के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बैठक में उर्स को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और भव्य तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी से आपसी सहयोग और जिम्मेदारी के साथ तैयारियों में जुटने की अपील की गई।
