दरोगा और दो सिपाहियों पर अवैध हिरासत, धन उगाही और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप; एसीपी से एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग
आगरा। सदर क्षेत्र में आयोजित मेले के आयोजक ने स्थानीय पुलिस चौकी के दरोगा और दो सिपाहियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी), सदर से शिकायत की है। शिकायतकर्ता वीरेंद्र कुमार उर्फ बच्चू का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उससे अवैध रूप से पैसों की मांग की और इनकार करने पर चौकी ले जाकर बेरहमी से मारपीट की, जिसमें उसके दो दांत टूट गए।
शिकायत के अनुसार, वीरेंद्र कुमार ने संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति प्राप्त करने के बाद सदर क्षेत्र में मेले का आयोजन किया था। मेला शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो रहा था। आरोप है कि पिछले दो दिनों से स्थानीय चौकी के कुछ पुलिसकर्मी मेले में पहुंचकर उसे परेशान कर रहे थे और अनुचित रूप से पैसों की मांग कर रहे थे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि 9 नवंबर 2026 को रात करीब आठ बजे चौकी से तीन-चार पुलिसकर्मी मेले में पहुंचे और बिना कोई कारण बताए उसे जबरन उठाकर चौकी ले गए। वहां दरोगा रिक्की पूनिया तथा सिपाही धर्मेंद्र सिंह तोमर और भूपेंद्र पर उससे पैसों की मांग करने का आरोप लगाया गया है। मांग पूरी करने से इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसके दो दांत टूट गए और मुंह से काफी खून निकलने लगा।
वीरेंद्र कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर गाली-गलौज की गई। इतना ही नहीं, चौकी के फर्श पर गिरे उसके खून को भी साफ करवाया गया।
शिकायत में बताया गया है कि घटना की जानकारी मौके पर पहुंचीं एसीपी महोदया को दी गई। इसके बाद संबंधित पुलिसकर्मी ही उसे मेडिकल परीक्षण के लिए लेकर गए। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसका किसी व्यक्ति से कोई विवाद नहीं था और न ही उसे हिरासत में लेने का कोई वैधानिक कारण बताया गया।
आरोप है कि बाद में दो परिचित व्यक्तियों को चौकी बुलाकर उनसे यह कहकर हस्ताक्षर कराए गए कि वीरेंद्र कुमार की सुपुर्दगी दी जानी है, जबकि वास्तव में उनसे जमानत और मुचलके से संबंधित दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए गए।
सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराने और निष्पक्ष जांच की मांग
शिकायतकर्ता ने एसीपी सदर से दरोगा रिक्की पूनिया, सिपाही धर्मेंद्र सिंह तोमर, भूपेंद्र तथा अन्य संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मामले की जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी से कराने, चौकी के सीसीटीवी फुटेज तत्काल सुरक्षित कराने और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल के आरोप की एससी/एसटी अधिनियम के तहत जांच कराने का अनुरोध किया है।
वीरेंद्र कुमार ने शिकायत में यह भी मांग की है कि उसे शिकायत वापस लेने के लिए किसी प्रकार का दबाव या धमकी न दी जाए और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए।
डिस्क्लेमर: यह समाचार उपलब्ध जानकारी एवं संबंधित स्रोतों पर आधारित है। किसी भी दावे या आरोप की पुष्टि संबंधित आधिकारिक पक्ष से की जानी चाहिए।
