सिटीजन क्रिकेट क्लब के सचिव मुईन बाबू ने दीप्ति शर्मा के भाई एवं कोच सुमित शर्मा को मिठाई खिलाकर दी बधाई, युवा खिलाड़ियों ने भी मनाई खुशी
आगरा। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर एवं उपकप्तान दीप्ति शर्मा को अक्टूबर 2026 का आईसीसी वूमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड मिलने पर उनके गृह नगर आगरा में खुशी और उत्साह का माहौल है। दीप्ति की इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पर खेल जगत से जुड़े लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।
शाहगंज की अवधपुरी कॉलोनी निवासी दीप्ति शर्मा ने अक्टूबर में जिम्बाब्वे के भारत दौरे के दौरान अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने तीन टी-20 और तीन वनडे मुकाबलों में कुल 155 रन बनाने के साथ सात विकेट भी हासिल किए। भारतीय महिला टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ सभी छह मुकाबलों में जीत दर्ज कर सीरीज में क्लीन स्वीप किया। दीप्ति के बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के आधार पर आईसीसी ने उन्हें अक्टूबर की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी चुना।
दीप्ति शर्मा की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर सोमवार को सिटीजन क्रिकेट क्लब के सचिव मुईन बाबू अवधपुरी स्थित स्टार नेक्स्ट क्रिकेट एकेडमी पहुंचे। यहां उन्होंने दीप्ति शर्मा के भाई एवं कोच सुमित शर्मा को मिठाई खिलाकर बधाई दी। साथ ही एकेडमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवा क्रिकेटरों के बीच मिठाई वितरित कर इस खुशी को साझा किया।
इस अवसर पर मुईन बाबू ने कहा कि दीप्ति शर्मा ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और शानदार खेल प्रदर्शन से भारतीय क्रिकेट का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगरा को भी नई पहचान दिलाई है। उनकी यह उपलब्धि शहर के उभरते हुए क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने दीप्ति शर्मा, उनके भाई एवं कोच सुमित शर्मा और पूरे परिवार को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना की। इस दौरान अजहर इलाही, मोहम्मद शोएब सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
TIMES OF TAJ | समाचार एवं विचार
