प्राथमिक स्तर पर 15,159 और उच्च प्राथमिक स्तर पर 23,743 अभ्यर्थियों ने हासिल की सफलता, आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे प्रमाणपत्र
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (स्पेशल टीईटी) का परिणाम रिकॉर्ड 17 दिनों में घोषित कर दिया है। आयोग ने परीक्षा के आयोजन से लेकर परिणाम जारी करने तक की प्रक्रिया तेजी से पूरी करते हुए अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है।
विज्ञापन संख्या 03/2026 के तहत बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों के लिए आयोजित स्पेशल टीईटी की लिखित परीक्षा 3 नवंबर 2026 को प्रदेश के छह मंडल मुख्यालयों पर दो पालियों में संपन्न हुई थी। इनमें प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और आगरा शामिल थे।
आयोग के सचिव संजय सिंह ने बताया कि परीक्षा का परिणाम देर रात घोषित कर दिया गया है। प्राथमिक स्तर (कक्षा एक से पांच) की परीक्षा में कुल 50,666 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 15,159 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। वहीं, उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा छह से आठ) की परीक्षा में शामिल 43,015 अभ्यर्थियों में से 23,743 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है।
इस प्रकार दोनों स्तरों को मिलाकर कुल 93,681 अभ्यर्थियों में से 38,902 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं। आयोग ने सफल अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्र भी जारी कर दिए हैं।
वेबसाइट से डाउनलोड करें प्रमाणपत्र
अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट UPESSC की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से अपना अनुक्रमांक और जन्मतिथि दर्ज कर प्रमाणपत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त प्रमाणपत्र जल्द ही डिजिलॉकर के माध्यम से भी डाउनलोड किए जा सकेंगे।
आयोग का कहना है कि पदों के विज्ञापन, परीक्षाओं के आयोजन और परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया को निर्धारित समय में पूरा करना उसकी प्राथमिकता है। स्पेशल टीईटी का परिणाम महज 17 दिनों में जारी होना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
