लखनऊ। पूर्व प्रधानमंत्री एवं ‘भारत रत्न’ अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार, 16 अगस्त को लखनऊ में ‘अटल स्मृति संध्या’ का आयोजन किया जाएगा। पं. अटल बिहारी वाजपेयी मेमोरियल फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम का आयोजन अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर, केजीएमयू में किया जाएगा। कार्यक्रम के संयोजक उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि स्मृति संध्या में पद्मश्री एवं वरिष्ठ साहित्यकार अशोक चक्रधर एकल काव्य पाठ प्रस्तुत करेंगे।
सरकार और संगठन के कई बड़े नेता होंगे शामिल
‘अटल स्मृति संध्या’ में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, भाजपा के संगठन महामंत्री धर्मपाल समेत सरकार और संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे।
कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आमजन के भी पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी के राजनीतिक जीवन, राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान और उनकी साहित्यिक विरासत को याद किया जाएगा।
लोकभवन में प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे सीएम योगी
अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इससे पहले रविवार सुबह लोकभवन पहुंचेंगे। यहां वह अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे।
अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे लोकप्रिय नेताओं में रहे, जिन्होंने अपनी ओजस्वी वाणी, प्रभावशाली व्यक्तित्व और साहित्यिक संवेदनशीलता से देश की राजनीति में अलग पहचान बनाई। उनकी पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रमों के जरिए उनके विचारों और राष्ट्र के प्रति योगदान को याद किया जा रहा है।
