लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “भाजपा और आजादी एक-दूसरे के विलोम हैं।” अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके सहयोगी स्वतंत्रता दिवस के बजाय ‘विभाजन विभीषिका दिवस’ मना रहे थे।
शनिवार को लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने कहा कि जिन लोगों ने देश की आजादी की लड़ाई में योगदान नहीं दिया, उन्होंने विभाजन में योगदान जरूर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी से पहले भी उनका लक्ष्य विभाजन था और आजादी के बाद भी विभाजन की राजनीति जारी है।
‘घर-घर तिरंगा नहीं, मन-मन तिरंगा चलाएं’
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा को ‘हर घर तिरंगा’ की जगह ‘मन-मन तिरंगा’ अभियान चलाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने कभी तिरंगे का सम्मान नहीं किया, वे आज हाथ में तिरंगा लेकर घूम रहे हैं। ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है।
अखिलेश ने कहा, “संविधान है तो स्वतंत्रता है।” उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संविधान को मजबूत करने का संकल्प लेते हुए कहा कि इसके लिए कोई भी त्याग करना पड़े तो समाजवादी पार्टी तैयार है।
कार्यकर्ताओं को दी बयानबाजी में सावधानी की नसीहत
अखिलेश यादव ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को चुनाव को लेकर सतर्क रहने की हिदायत भी दी। उन्होंने कहा कि चुनाव करीब है और अब केवल टिकट तय होना बाकी है। समय बहुत कम बचा है, इसलिए सभी को अपनी तैयारी पूरी रखनी चाहिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि ऐसा कोई बयान न दें, जिससे भाजपा को राजनीतिक लाभ मिले। अखिलेश ने कहा कि पार्टी की ओर से कार्यकर्ताओं को यह भी बताया जाएगा कि चुनाव के दौरान क्या बोलना है।
सरकार के विकास के दावों पर उठाए सवाल
सपा अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार के विकास संबंधी दावों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार प्रति व्यक्ति आय बढ़ने की बात करती है, लेकिन दूसरी ओर बड़ी संख्या में लोगों को मुफ्त राशन देना पड़ रहा है।
उन्होंने प्रदेश की शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और सफाई व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए। अखिलेश ने दावा किया कि सरकार के पास अब बहुत कम समय बचा है और इसी वजह से वह घबराई हुई है।
महिला आरक्षण को लेकर प्रधानमंत्री पर निशाना
प्रधानमंत्री द्वारा महिला आरक्षण कानून को लेकर की गई अपील पर अखिलेश यादव ने कहा कि “लाल किले से झूठ नहीं बोलना चाहिए, वो झूठ बोलने का स्थान नहीं है।”
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक पहले ही पारित हो चुका है और सरकार इसे 2027 के चुनाव में लागू करे तो समाजवादी पार्टी इसके लिए तैयार है। अखिलेश ने कहा कि यह समय सरकार के रिपोर्ट कार्ड देने का है, न कि नई-नई घोषणाएं करने का।
देश के क्षेत्रफल पर भी केंद्र से मांगा जवाब
अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार से देश के क्षेत्रफल को लेकर भी सवाल किया। उन्होंने कहा कि सरकार को देश की जनता को बताना चाहिए कि पहले भारत का क्षेत्रफल कितना था और अब कितना है।
कार्यक्रम से पहले सपा प्रमुख ने विभिन्न जिलों से आए मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देकर सम्मानित भी किया। उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा को देश और समाज की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार बताया।
