नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने देशभर में घरों तक पाइप के जरिए प्राकृतिक गैस यानी पीएनजी (PNG) की पहुंच बढ़ाने के लिए नई प्रोत्साहन योजना लाने की घोषणा की है। सरकार का लक्ष्य लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और अपेक्षाकृत सस्ता खाना पकाने का ईंधन उपलब्ध कराने के साथ घरेलू पीएनजी कनेक्शनों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी करना है।
आधिकारिक बयान के मुताबिक, ‘एपीएम/एनएपीएम प्रोत्साहन योजना’ के तहत पात्र शहरी गैस वितरण (सीजीडी) कंपनियों को प्रोत्साहन दिया जाएगा। संबंधित भौगोलिक क्षेत्र के लिए तय सीमा से अधिक प्रत्येक नए बिल वाले घरेलू पीएनजी कनेक्शन पर 200 स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (SCM) अतिरिक्त घरेलू स्तर पर उत्पादित कम कीमत वाली एपीएम गैस का आवंटन किया जाएगा।
PNG कनेक्शन के लिए आसान होगा आवेदन
सरकार नए पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन प्रक्रिया को भी सरल बनाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए एकीकृत पीएनजी पंजीकरण पोर्टल विकसित किया जा रहा है। यह एक सिंगल विंडो डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में काम करेगा, जहां उपभोक्ता कनेक्शन के लिए आवेदन करने के साथ-साथ अपने आवेदन की स्थिति भी ऑनलाइन देख सकेंगे।
सरकार के मुताबिक, इन पहलों का उद्देश्य देश में पाइप के जरिए खाना पकाने वाली गैस की पहुंच बढ़ाना और उपभोक्ताओं को स्वच्छ, सुरक्षित तथा किफायती ईंधन की ओर तेजी से स्थानांतरित करना है।
नई प्रोत्साहन योजना से शहरी गैस वितरण कंपनियों को अधिक घरेलू कनेक्शन देने के लिए प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। इससे आने वाले समय में देश के अधिक से अधिक घरों तक पाइप्ड नेचुरल गैस पहुंचाने में मदद मिल सकती है।
