महिलाओं को मिलेगी प्राथमिकता, नंद बाबा दुग्ध मिशन पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित
आगरा, 25 जून। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार ने गोपालकों के लिए मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के तहत विशेष अनुदान योजना शुरू की है। योजना के अंतर्गत दो उन्नत नस्ल की स्वदेशी गायों की खरीद पर पात्र लाभार्थियों को अधिकतम 80 हजार रुपये तक का अनुदान प्रदान किया जाएगा। इसके लिए 11 जून से 10 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. डी. के. पाण्डेय ने बताया कि अपर मुख्य सचिव पशुधन, दुग्ध विकास एवं मत्स्य विभाग उत्तर प्रदेश शासन श्री मुकेश कुमार मेश्राम के निर्देशों के क्रम में नंद बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत संचालित मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना लागू की जा रही है। जिलाधिकारी मनीष बंसल एवं मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह के निर्देशन में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद आगरा को कुल 28 लाभार्थियों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसमें 14 महिलाओं और 14 पुरुषों का चयन किया जाएगा। निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होने की स्थिति में लाभार्थियों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
योजना के तहत बाहरी राज्यों से गिर, साहीवाल, थारपारकर तथा हरियाणा नस्ल की स्वदेशी उन्नत गायों की खरीद पर अनुदान दिया जाएगा। लाभार्थी को दो गायों की इकाई स्थापित करनी होगी। इकाई की कुल लागत का 40 प्रतिशत, अधिकतम 80 हजार रुपये तक, अनुदान के रूप में दिया जाएगा।
डॉ. पाण्डेय ने बताया कि योजना में महिला गोपालकों और दुग्ध उत्पादकों को विशेष प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। कुल लक्ष्य का 50 प्रतिशत महिलाओं के लिए आरक्षित रखा गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सशक्तीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा।
योजना का लाभ लेने के लिए खरीदी जाने वाली गाय प्रथम या द्वितीय ब्यांत की होनी चाहिए। साथ ही आवेदक के पास पहले से एक से अधिक स्वदेशी नस्ल के गोवंश नहीं होने चाहिए। लाभार्थी को कम से कम तीन वर्ष तक गोपालन करने संबंधी शपथ पत्र भी प्रस्तुत करना होगा।
अनुदान प्राप्त करने के लिए लाभार्थियों को गाय खरीद की रसीद, तीन वर्ष का बीमा प्रमाण पत्र, पशुशाला निर्माण में प्रयुक्त सामग्री का विवरण, चारा मशीन खरीद का प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे।
इच्छुक पशुपालक और दुग्ध उत्पादक Nandbabadugdhmission.up.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी ने ग्रामीण युवाओं, पशुपालकों एवं दुग्ध उत्पादकों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।

