नई दिल्ली। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए वरिष्ठ नेता अविनाश पांडे को प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी से हटा दिया है। उनकी जगह पार्टी ने एससी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश का नया प्रभारी नियुक्त किया है। यह बदलाव आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठन के पुनर्गठन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राजेंद्र पाल गौतम दलित समाज के प्रमुख नेताओं में गिने जाते हैं। वह इससे पहले दिल्ली सरकार में मंत्री रह चुके हैं और वर्तमान में कांग्रेस के एससी विभाग का नेतृत्व कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी छोड़ने के बाद उन्होंने कांग्रेस का दामन थामा था और संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
राजेंद्र पाल गौतम हाल ही में उस समय भी सुर्खियों में आए थे, जब उन्होंने बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष Mayawati से उनके आवास पर मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में कई तरह की चर्चाएं और अटकलें तेज हो गई थीं, हालांकि इसे औपचारिक शिष्टाचार भेंट बताया गया था।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस संगठन को नए सिरे से सक्रिय करने और सामाजिक समीकरणों को साधने के उद्देश्य से यह बदलाव किया गया है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि राजेंद्र पाल गौतम के नेतृत्व में कांग्रेस प्रदेश में अपनी संगठनात्मक पकड़ को कितना मजबूत कर पाती है।

