आगरा। थाना जगदीशपुरा पुलिस ने कारखाने में सेंध लगाकर पायल गिलट और निकिल चोरी करने वाले गिरोह के दो और सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 58.401 किलोग्राम सफेद-पीली धातु की चोरी की पायल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 30 मई 2026 को थाना जगदीशपुरा में एक कारखाना संचालक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 से 26 मई के बीच अज्ञात चोर कारखाने के पीछे से एयरजॉस्ट तोड़कर अंदर घुस गए और लगभग 200 किलोग्राम पायल गिलट तथा 175 किलोग्राम निकिल चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना जगदीशपुरा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस उपायुक्त नगर के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त लोहामंडी के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 15 जुलाई 2026 को अभिषेक उर्फ भूरा निवासी राजनगर, थाना लोहामंडी तथा गगन शर्मा निवासी राजनगर, थाना लोहामंडी को कलवारी 9 नंबर फाटक के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 58.401 किलोग्राम सफेद-पीली धातु की चोरी की पायल बरामद की। पुलिस ने बताया कि इस मामले में गिरोह का एक अन्य आरोपी दीपक उर्फ सटक्कुआ पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा जा चुका है।
आरोपियों के विरुद्ध थाना जगदीशपुरा में दर्ज मुकदमे के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार, उपनिरीक्षक अनुज कुमार, सिद्धार्थ गौतम, पुलकित, हेड कांस्टेबल पंकज कुमार तथा कांस्टेबल संदीप कुमार और रोहन सोलंकी शामिल रहे।

