अरुण जेटली स्टेडियम में सेंट्रल दिल्ली किंग्स और पुरानी दिल्ली-6 के बीच उद्घाटन मुकाबला, 30 अगस्त को खेला जाएगा फाइनल
नई दिल्ली। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) की ओर से आयोजित दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) के तीसरे सीजन का रोमांच अब चरम पर पहुंच गया है। बुधवार को टूर्नामेंट से पहले आयोजित आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सभी आठ फ्रेंचाइजी के कप्तानों ने हिस्सा लिया और आगामी सीजन को लेकर अपना उत्साह व आत्मविश्वास व्यक्त किया।
31 जुलाई से अरुण जेटली स्टेडियम में शुरू होने वाला यह टी-20 टूर्नामेंट 30 अगस्त तक चलेगा। करीब एक महीने तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में दिल्ली के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर खिताब के लिए मुकाबला करेंगे। इस बार के खिलाड़ी नीलामी के बाद सभी टीमों ने संतुलित और मजबूत स्क्वॉड तैयार किया है।
टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला 31 जुलाई को सेंट्रल दिल्ली किंग्स और पुरानी दिल्ली-6 के बीच खेला जाएगा, जबकि फाइनल मुकाबला 30 अगस्त को होगा।
पुरानी दिल्ली-6 के नवनियुक्त कप्तान अनुज रावत ने कहा कि टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का बेहतरीन संतुलन है। घरेलू दर्शकों के सामने सकारात्मक क्रिकेट खेलना और हर मुकाबले में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना टीम का लक्ष्य है।
साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज के कप्तान आयुष बडोनी ने कहा कि इस बार सभी टीमें बेहद मजबूत नजर आ रही हैं। उनकी टीम ने अच्छी तैयारी की है और पूरे टूर्नामेंट में लगातार बेहतर प्रदर्शन करने के लिए उत्साहित है।
गत विजेता वेस्ट दिल्ली लायंस के उपकप्तान आयुष दोसेजा ने कहा कि पिछली बार की सफलता से टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है, लेकिन इस सीजन में सभी टीमों ने खुद को मजबूत किया है। ऐसे में खिताब बचाने के लिए टीम पूरी ताकत से मैदान में उतरेगी।
आउटर दिल्ली वॉरियर्स के कप्तान सिद्धांत शर्मा ने कहा कि नीलामी के बाद से टीम का माहौल शानदार है और सभी खिलाड़ी योगदान देने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम अपने समर्थकों को गर्व महसूस कराएगी।
सेंट्रल दिल्ली किंग्स के कप्तान यश धुल ने कहा कि डीपीएल दिल्ली के खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच है। टीम का लक्ष्य निडर क्रिकेट खेलते हुए पूरे टूर्नामेंट में निरंतरता बनाए रखना है।
ईस्ट दिल्ली राइडर्स के कप्तान मयंक रावत ने कहा कि टीम के सभी खिलाड़ी जोश से भरे हुए हैं और दिल्ली के बेहतरीन खिलाड़ियों के खिलाफ खेलने के लिए तैयार हैं।
नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के कप्तान सार्थक रंजन ने कहा कि डीपीएल का स्तर हर साल और बेहतर हो रहा है। उनकी टीम अनुशासित और आक्रामक क्रिकेट के साथ शानदार शुरुआत करने के लिए तैयार है।
नई दिल्ली टाइगर्स के कप्तान हिम्मत सिंह ने कहा कि डीपीएल देश की प्रमुख घरेलू टी-20 लीगों में शामिल हो चुकी है। सभी टीमें संतुलित हैं और इस बार दर्शकों को उच्च स्तरीय क्रिकेट देखने को मिलेगा।
आठों कप्तानों के आत्मविश्वास और उत्साह के साथ अब दिल्ली प्रीमियर लीग के तीसरे सीजन का मंच पूरी तरह तैयार है। क्रिकेट प्रेमियों को 31 जुलाई से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट में पूरे एक महीने तक रोमांचक मुकाबलों का इंतजार रहेगा।

