आगरा। 12 रबीउल अव्वल के मुबारक मौके पर दावत-ए-इस्लामी इंडिया की ओर से आगरा में दो बड़े जुलूस-ए-मीलाद निकाले जाएंगे। जुलूसों को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आयोजकों के मुताबिक दोनों जुलूसों में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल होंगे और रास्ते भर नात-ए-पाक व सलाम पेश करते हुए पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद ﷺ की सीरत, मोहब्बत, अमन और भाईचारे का पैगाम आम किया जाएगा।
पहला जुलूस नगला मेवाती स्थित फैजाने मदीना से रवाना होगा। जुलूस फतेहाबाद रोड होते हुए बिजलीघर चौराहा पहुंचेगा और इसके बाद जामा मस्जिद की ओर जाएगा। वहीं दूसरा जुलूस लोहामंडी से शुरू होकर दरगाह कदम रसूल, बोदला तक जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि जुलूसों के दौरान यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन के साथ समन्वय किया जा रहा है। मार्ग में वालंटियर्स की टीमें भी तैनात रहेंगी, जो व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करेंगी, ताकि यातायात सुचारु रहे और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
आयोजक एडवोकेट हाजी शानू कुरैशी, रज़ा खान, मौलाना अब्दुल मजीद, फैसल अत्तारी, नईम और शानावाज़ भाई ने सभी अकीदतमंदों से अपील की है कि जुलूस के दौरान अनुशासन बनाए रखें, प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था का विशेष ध्यान रखें।
उन्होंने कहा कि 12 रबीउल अव्वल का मुबारक अवसर सीरत-ए-मुस्तफा ﷺ, मोहब्बत, अमन, भाईचारे और इंसानियत के पैगाम को आम करने का अवसर है। दोनों जुलूस शांतिपूर्ण, मर्यादित और व्यवस्थित तरीके से निकाले जाएंगे तथा समाज में आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया जाएगा।
