नई दिल्ली/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को महिलाओं के लिए बड़ी सौगात देते हुए ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना की शुरुआत की। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विशेष बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को उत्तर प्रदेश रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। सरकार का उद्देश्य वरिष्ठ महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराना है।
वहीं, रक्षाबंधन के अवसर पर 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक प्रदेश में हर उम्र की महिलाओं को सहयात्री सहित मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इसके लिए परिवहन विभाग की ओर से विशेष बसों की व्यवस्था की गई है, ताकि त्योहार के दौरान महिलाओं को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रक्षा बंधन के ठीक पूर्व लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर संचालित होने वाली बस सेवा के माध्यम से 27, 28 और 29 अगस्त को महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही 60 वर्ष से अधिक उम्र की सभी माताओं और बहनों के लिए भी इस यात्रा को मुफ्त किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए की गई है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश की माताओं और बहनों को सार्वजनिक परिवहन में बेहतर सुविधाएं मिलें और वे बिना आर्थिक चिंता के अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
रक्षाबंधन के मौके पर शुरू की गई यह विशेष सुविधा प्रदेश की महिलाओं के लिए राहत देने वाली पहल मानी जा रही है।
