आगरा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राकेश कुमार सिंह ने नगर क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया और बच्चों के साथ सीधे संवाद करते हुए उन्हें पुनर्पाठ एवं पुनराभ्यास कराया।
बीएसए ने विद्यार्थियों से पठन-पाठन की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की और उन्हें बताया कि पढ़ाई को प्रभावी एवं रुचिकर तरीके से किस प्रकार किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को दिए गए अभ्यास कार्य को दोहराने और नियमित रूप से अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान बच्चों ने भी पूरे मनोयोग से अपने दिए गए अभ्यास कार्य को दोहराया और बीएसए द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब दिए। विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता और सीखने के प्रति उत्साह देखकर विद्यालय का वातावरण सकारात्मक नजर आया।
डॉ. राकेश कुमार सिंह ने शिक्षकों को भी बच्चों की सीखने की क्षमता के अनुसार शिक्षण कार्य को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नियमित पुनरावृत्ति और अभ्यास से बच्चों की समझ एवं सीखने की क्षमता को बेहतर बनाया जा सकता है।
