लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अपने सरकारी आवास पांच कालीदास मार्ग पर रक्षाबंधन का पर्व निराश्रित बच्चियों और छात्राओं के साथ मनाया। इस दौरान बच्चियों ने मुख्यमंत्री की कलाई पर राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने भी बच्चियों को उपहार और गिफ्ट हैंपर देकर उनका उत्साह बढ़ाया।
राखी बंधवाते समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावुक नजर आए। उन्होंने बच्चियों से बातचीत करते हुए उन्हें खूब पढ़ने-लिखने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। राखी बांधने के बाद मुख्यमंत्री ने सभी बच्चियों को स्नेहपूर्वक उपहार भेंट किए और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
बच्चों के प्रति अपने सहज और आत्मीय व्यवहार के लिए पहचाने जाने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस अवसर पर बच्चियों के साथ मुस्कुराते और आत्मीय अंदाज में नजर आए। उन्होंने बच्चियों के साथ सेल्फी लेकर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं है, बल्कि यह कर्तव्य, संरक्षण, स्नेह और विश्वास की भावना का भी प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि यह पवित्र पर्व हमें पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से सनातन विरासत की मजबूती के साथ-साथ पारिवारिक संस्कारों और मूल्यों को सुदृढ़ करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास के प्रतीक इस पर्व पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
