राजेन्द्र पाल गौतम और डॉ. अनिल जयहिन्द की मौजूदगी में ग्रहण की कांग्रेस की सदस्यता
नई दिल्ली/लखनऊ। आम आदमी पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विवेक पाण्डेय, प्रदेश महासचिव संजय मिश्रा और आईटी सेल से जुड़े बलदेव सिंह सैंथवार सहित दर्जनों लोगों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन डॉ. अनिल जयहिन्द मौजूद रहे।
कांग्रेस में शामिल होने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी के साथ मिलकर लोकतंत्र, संविधान और जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया। कांग्रेस नेताओं ने नए सदस्यों का पार्टी परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि उनके जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर गोरखपुर, देवरिया और कन्नौज से कांग्रेस परिवार में शामिल हुए सैकड़ों नए कार्यकर्ताओं का भी स्वागत किया गया। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहकर उनके मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आने वाले समय में संगठन को और विस्तार देने तथा अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का अभियान जारी रहेगा।
अयाज़ खान अच्छू ‘न्याय योद्धा’ ने कांग्रेस परिवार में शामिल हुए सभी नए साथियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि नए साथियों के जुड़ने से कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने लोकतंत्र, संविधान और जनहित की आवाज को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने की अपील की।
कांग्रेस में नए नेताओं और कार्यकर्ताओं के शामिल होने को आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
