योगी सरकार ने दी बड़ी जिम्मेदारी, आयोग में आठ सदस्यों की भी नियुक्ति
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता मोहसिन रजा को उत्तर प्रदेश राज्य अल्पसंख्यक आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। उन्हें कैबिनेट मंत्री रैंक का दर्जा दिए जाने की जानकारी सामने आई है।
मोहसिन रजा इससे पहले योगी आदित्यनाथ सरकार के पहले कार्यकाल में अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग के राज्यमंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। अब उन्हें एक बार फिर अल्पसंख्यक मामलों से जुड़े महत्वपूर्ण संवैधानिक निकाय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सरकार की ओर से आयोग में अध्यक्ष के साथ आठ सदस्यों की भी नियुक्ति की गई है। नियुक्त सदस्यों में संदीप जैन, अंशुमान कुमार सिंह मैसी, हनप्रीत सिंह बेदी, मोहम्मद असलम, परविंदर सिंह, नेहा खान, सैयद सिराज अब्बास रिजवी और रूमाना सिद्दीकी के नाम शामिल हैं।
मोहसिन रजा की नियुक्ति को उत्तर प्रदेश की आगामी राजनीतिक परिस्थितियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सरकार द्वारा अल्पसंख्यक आयोग में नई नियुक्तियां किए जाने से राजनीतिक हलकों में इसके अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं।
अल्पसंख्यक आयोग का मुख्य उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदायों के अधिकारों, कल्याण और उनसे जुड़ी शिकायतों के मामलों को देखना है। ऐसे में नए अध्यक्ष के सामने अल्पसंख्यक समुदायों से जुड़े मुद्दों पर सरकार और समुदाय के बीच संवाद स्थापित करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।
Times of Taj | Lucknow
