संवाद: तौफीक फारूकी
कन्नौज, – कन्नौज पुलिस ने जिले के स्कूल और कॉलेजों में नए आपराधिक कानूनों (NCL) के प्रति छात्रों और शिक्षकों को जागरूक करने के लिए अभियान शुरू किया। गुरसहायगंज क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में कोतवाली प्रभारी कपिल दुबे ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों और उनके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

उन्होंने बताया कि इन कानूनों का उद्देश्य न्यायिक प्रक्रिया को आम जनता के लिए अधिक सुलभ, पारदर्शी और त्वरित बनाना है। इसके लिए जीरो एफआईआर और ई-एफआईआर की प्रक्रियाओं को मजबूत करना, समयबद्ध न्याय सुनिश्चित करना, महिला एवं बाल संरक्षण प्रावधान लागू करना, तकनीकी और फोरेंसिक साक्ष्यों का अनिवार्य उपयोग बढ़ाना तथा पीड़ित-केंद्रित न्याय प्रणाली को प्राथमिकता देना शामिल है।
कार्यक्रम में छात्रों ने पुलिस अधिकारियों से सवाल किए और शिक्षकों ने इस पहल की सराहना की। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी थानों में NCL Awareness 2.0 के तहत ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएँ, जिसमें विद्यालय, महाविद्यालय, पंचायत और सार्वजनिक स्थल शामिल होंगे। इसका उद्देश्य नागरिकों को नए कानूनों से परिचित कराना और उन्हें जागरूक नागरिक बनाने में मदद करना है।

