25 नवम्बर तक चलेगा भव्य आयोजन, इस बार कमला नगर-बल्केश्वर क्षेत्र में निकलेगी कंस की दुहाई
आगरा। बल्केश्वर स्थित गौशाला में आयोजित होने जा रही श्री कृष्ण लीला महोत्सव को लेकर तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। इस वर्ष श्री कृष्ण लीला महोत्सव का आयोजन 13 नवम्बर से 25 नवम्बर तक किया जाएगा। महोत्सव में भगवान श्री कृष्ण की विभिन्न लीलाओं का भव्य मंचन किया जाएगा। लीला का निर्देशन प्रदीप ठाकुर के निर्देशन में होगा।
आयोजन को और अधिक आकर्षक एवं भव्य बनाने के लिए इस बार विशेष तैयारियां की जा रही हैं। अजय पटाखे वाले द्वारा आतिशबाजी का प्रदर्शन इस बार पहले से भी अधिक भव्य स्वरूप में किया जाएगा। लीला के विभिन्न प्रसंगों के अनुरूप आतिशबाजी दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी।
वॉटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में आयोजन के संबंध में हुई बैठक में अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि प्रशासन एवं यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस बार कंस की दुहाई की सवारी शहर के मुख्य क्षेत्रों में न निकालकर कमला नगर एवं बल्केश्वर क्षेत्र में निकाली जाएगी। इससे श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधा मिलेगी और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग मिलेगा। वहीं गोचरण का मार्ग पूर्व की भांति यथावत रहेगा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष लीला के स्वरूप को और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए कुछ प्रसंगों में आवश्यक बदलाव किए जा रहे हैं। लीला में भी इस बार कुछ बदलाव किए जाएंगे, जिससे दर्शकों को लीला का नया और आकर्षक स्वरूप देखने को मिलेगा।
बैठक के बाद शिक्षा एवं समाज के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए खुशबू एवं पूनम को बेस्ट टीर के रूप में सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर विजय रोहतगी, अशोक गोयल, शेखर गोयल, ब्रजेश अग्रवाल, विनीत सिंघल, लक्ष्मण शर्मा, केके अग्रवाल, केसी अग्रवाल, आदर्श नंदन गुप्ता, वीरेंद्र अग्रवाल, जवाहर लाल आदि उपस्थित रहे।
