हिंदी दिवस पर जुटीं अनेक नामचीन शख्सियतें
आगरा। साहित्यिक संस्था काव्यमेव जयते द्वारा सर्वी इवेंट्स के संग हिंदी दिवस के अंतर्गत होटल भावना क्लार्क्स इन में हिंदी अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें संस्था के मार्गदर्शक डॉ विजय किशोर बंसल के अनुमोदन पर देश भर की 7 साहित्यिक विभूतियों को हिंदी के बड़े कवियों के नाम पर प्रदत्त सम्मान से अलंकृत किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने उद्घाटन के पश्चात कहा कि यह एक पुनीत कार्य है. कार्यक्रम की अध्यक्षता ग़ज़लकार दुष्यंत कुमार के सुपुत्र कर्नल अपूर्व त्यागी ने की.
विशिष्ट अतिथि के रूप में पधारे टीवी प्रस्तोता अनुराग मुस्कान, डॉ बीना लवानिया, डॉ रोली तिवारी, कुलदीप ठाकुर, रोहित जैन, वीपी सिंह मिलिंद, डॉ मुकेश शर्मा, पुनीत वशिष्ठ एवं मृगांक प्रभाकर ने चयनित कवियों को अलंकृत किया।
काव्यमेव जयते संस्था के संस्थापक अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक पवन आगरी ने बताया कि इस वर्ष संस्था ने प्रख्यात ग़ज़लकार आईएएस पवन कुमार को नज़ीर अकबराबादी सम्मान, लखनऊ के व्यंग्यकार सर्वेश अस्थाना को हरिशंकर परसाई सम्मान, दिल्ली के पीएफ कमिश्नर आलोक यादव को अदम गोंडवी सम्मान, गाजियाबाद के शायर राज कौशिक को दुष्यंत कुमार सम्मान, नोयडा के टीवी प्रस्तोता पंकज शर्मा को महाकवि नीरज सम्मान, मैनपुरी के हास्य कवि सतीश मधुप को शरद जोशी सम्मान एवं दिल्ली पुलिस के एसीपी राजेंद्र कलकल को जैमिनी हरियाणवी सम्मान से अलंकृत करने का निर्णय लिया था, जिसे केंद्रीय मंत्री प्रो बघेल के हाथों से प्रदत्त किया गया.
कवयित्री डॉ मुक्ता सिकरवार की सरस्वती वंदना से प्रारंभ हुए इस अलंकरण समारोह में हास्य कवि पवन आगरी के संचालन में अलंकृत कवियों के अलावा शायर अमीर अकबराबादी, भरतदीप माथुर और दीपांशु शम्स ने भी काव्य पाठ किया, जिन पर श्रोताओं की खूब वाहवाही मिली। कार्यक्रम की व्यवस्थायें संस्था के सलाहकार संजय बैजल, उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह, सचिव गिरीश गोयल एवं कोषाध्यक्ष यश अग्रवाल ने संभाली। अंत में धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम समन्वयक अंजुल कुलश्रेष्ठ ने किया।
