लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचा प्रचार रथ, अखिलेश यादव के अगले महीने चुनावी अभियान शुरू करने की संभावना
लखनऊ। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी ने अपने चुनावी अभियान को लेकर गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के संभावित चुनावी अभियान के लिए तैयार किया गया ‘समाजवादी पीडीए यात्रा’ प्रचार रथ बुधवार को पार्टी मुख्यालय पहुंच गया।
प्रचार रथ पर ‘समाजवादी पीडीए यात्रा’ लिखा गया है। इसकी फ्रंट विंडशील्ड पर डॉ. बी.आर. आंबेडकर सहित 18 महापुरुषों की तस्वीरें लगाई गई हैं। रथ पर ‘सामाजिक न्याय का परचम लहराएगा, पीडीए ही परिवर्तन लाएगा’ नारा भी लिखा गया है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस है प्रचार रथ
लाल रंग का यह रथ विशेष सुविधाओं से लैस एक लग्जरी बस है। इसमें सुरक्षा और अन्य सुविधाओं के साथ लिफ्ट तथा जनसंबोधन प्रणाली (पीए सिस्टम) की व्यवस्था की गई है। रथ पर ‘समाजवादी पीडीए यात्रा’ के साथ पीडीए का विस्तार भी लिखा गया है, जिसमें पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक-मुस्लिम का उल्लेख है।
बताया गया है कि पूर्व के चुनावों में भी अखिलेश यादव चुनाव प्रचार के लिए इस रथ का इस्तेमाल कर चुके हैं। इससे पहले फरवरी में भी यह रथ पार्टी मुख्यालय पर खड़ा किया गया था।
सूत्रों के मुताबिक, अखिलेश यादव जल्द ही चुनावी अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों की शुरुआत कर सकते हैं। इन कार्यक्रमों में इस प्रचार रथ का इस्तेमाल किए जाने की संभावना है। इसके लिए क्षेत्रवार कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
अखिलेश यादव ने एक्स पर किया पोस्ट
बुधवार को अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में दावा किया कि युवा अब भाजपा सरकार को और सहने के मूड में नहीं है। उन्होंने लिखा कि “अब यूथ का मूड बदल गया है, सरकार भी बदलेगी।” उन्होंने यह भी दावा किया कि जनता समझ गई है कि नौकरी भाजपा के एजेंडे में नहीं है।
सपा ने सात जिलाध्यक्ष किए नियुक्त
विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की प्रक्रिया भी तेज कर दी है। बुधवार को पार्टी ने सात जिलाध्यक्षों के नाम घोषित किए।
घोषणा के अनुसार, बलिया में सुनील कुमार मौर्य, बांदा में उमेश मोहल्ला, अयोध्या में जय सिंह, पीलीभीत में धर्मेश गंगवार, गौतमबुद्ध नगर में इन्दर प्रधान (इन्द्रजीत भाटी) और उन्नाव में जयचन्द्र विमल को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
वहीं मीरजापुर में अशोक यादव को कार्यवाहक जिलाध्यक्ष घोषित किया गया है।
