आगरा। ताजमहल घूमने आए छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी पर्यटक मोनू पश्चिमी गेट पर भीड़ के कारण अपनी पत्नी प्रियंका और बेटी से बिछड़ गए। पत्नी और बेटी को खोजते हुए मोनू नीम तिराहा बैरियर की ओर चले गए, जबकि उनकी पत्नी और बेटी ताजमहल परिसर के अंदर चली गईं।
परेशान पर्यटक ने पश्चिमी प्रवेश द्वार स्थित थाना ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पॉन्स टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक पंकज सिंह पटेल को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही उच्चाधिकारियों के निर्देशन में क्विक रिस्पॉन्स टीम ने सीसीटीवी कैमरों, रेडियो अनाउंसमेंट, आरटी सेट मैसेज और पुलिस जवानों की मदद से तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने महज 30 मिनट के भीतर पत्नी प्रियंका और उनकी बेटी को खोजकर मोनू से मिला दिया।
पत्नी और बेटी को सकुशल पाकर पर्यटक मोनू ने राहत की सांस ली और ताज सुरक्षा पुलिस की तत्परता, सहायता तथा पुलिसकर्मियों के अच्छे व्यवहार के लिए आभार व्यक्त किया।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पंकज सिंह पटेल, आरक्षी आशु, महिला आरक्षी शालिनी शर्मा और सुलेखा शामिल रहीं।
