संवाद।। सादिक जलाल
न्यायमूर्ति सैयद कमर हसन रिजवी रहे मुख्य अतिथि, सेवानिवृत्त आईएएस अनीस अंसारी ने भी की सहभागिता
लखनऊ। महान कवि मीर तकी मीर की पुण्यतिथि के अवसर पर रॉयल फैमिली ऑफ अवध की ओर से रविवार को ‘खिराज-ए-अकीदत’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में मीर तकी मीर के जीवन, साहित्यिक योगदान और उनकी रचनाओं को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में न्यायमूर्ति सैयद कमर हसन रिजवी मुख्य अतिथि तथा सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अनीस अंसारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वक्ताओं ने मीर तकी मीर को भारतीय साहित्य की महान विभूति बताते हुए कहा कि उनकी रचनाओं ने भाषा और साहित्य को समृद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आयोजक समिति के सदस्य नवाब अली अकबर ने कहा कि मीर तकी मीर की रचनाएं आज भी लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती हैं। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को देश की साहित्यिक विरासत और महान कवियों के जीवन एवं कृतित्व से परिचित कराना आवश्यक है। ऐसे आयोजन साहित्यिक परंपरा को आगे बढ़ाने और युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में रॉयल फैमिली ऑफ अवध से जुड़े अनेक सदस्यों के साथ साहित्य एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भाग लिया। आयोजन समिति में नवाब अली अकबर, नवाब मोहम्मद अली जाफरी, नवाब अली अश्तर, नवाब मोहम्मद हसन और नवाब अजहर हुसैन सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। कार्यक्रम के संयोजक नवाब शिकोह आजाद रहे।
