समाजवादी पार्टी का ASI कार्यालय पर प्रदर्शन, पर्यटकों की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की बदहाली का मुद्दा उठाया
आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी पार्टी महानगर आगरा ने ताजमहल परिसर में व्याप्त अव्यवस्थाओं, पर्यटकों की सुरक्षा, बंदरों के बढ़ते आतंक और मूलभूत सुविधाओं की कमी के खिलाफ प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने माल रोड स्थित भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के मंडलीय कार्यालय का घेराव कर धरना दिया।

फूल सैयद चौराहे से पार्टी कार्यकर्ता झंडे और तख्तियां लेकर जुलूस के रूप में ASI कार्यालय पहुंचे। इस दौरान ‘‘पूछता है आगरा, जवाब दो ASI’’ और ‘‘ताजमहल बचाओ, पर्यटकों को सुरक्षा दो’’ जैसे नारे लगाए गए।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि राष्ट्रपति के नाम तैयार ज्ञापन लेने के लिए ASI का कोई अधिकारी बाहर नहीं आया। कार्यालय का मुख्य द्वार बंद कर दिया गया और पुलिस बल तैनात किया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने कार्यालय के मुख्य द्वार पर ही धरना दिया।
सभा को संबोधित करते हुए शब्बीर अब्बास ने कहा कि ताजमहल भारत की पहचान और विश्व धरोहर है, लेकिन यहां पर्यटकों को पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा, शौचालय और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने ताजमहल परिसर में बंदरों के बढ़ते हमलों पर भी चिंता जताई।
आगरा के नागरिकों को मिले मुफ्त प्रवेश
शब्बीर अब्बास ने कहा कि ताजमहल केवल संपन्न लोगों के लिए देखने की जगह नहीं, बल्कि आगरा की जनता की ऐतिहासिक धरोहर है। उन्होंने मांग की कि आगरा के प्रत्येक नागरिक के लिए महीने में कम से कम एक दिन ताजमहल में निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने कहा कि ताजमहल की देखरेख और संरक्षण पर होने वाले खर्च का पारदर्शी हिसाब जनता के सामने रखा जाना चाहिए।
राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन में प्रमुख मांगें
सपा की ओर से राष्ट्रपति के नाम भेजे गए ज्ञापन में ताजमहल की देखरेख पर पिछले पांच वर्षों में हुए खर्च की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच, सभी टेंडरों और खर्च का सार्वजनिक विवरण, बंदरों से पर्यटकों की सुरक्षा के स्थायी इंतजाम, स्वच्छ एवं ठंडे पेयजल की व्यवस्था, 24 घंटे प्राथमिक चिकित्सा सुविधा, प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती तथा ट्रांसजेंडर पर्यटकों के लिए सम्मानजनक शौचालय बनाए जाने की मांग की गई।
शब्बीर अब्बास ने कहा कि यदि ASI और केंद्र सरकार ने मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो समाजवादी पार्टी चरणबद्ध आंदोलन करेगी।
प्रदर्शन में राहुल चतुर्वेदी, ममता टपलू, रवि मेहरा, बलविंद्र सिंह जाटव, राहुल चौधरी, डॉ. बबलू वाल्मीकि, फर्रूखसियर, जिया चौधरी, अमीर सिंह फौजदार, नीरज कांत, हर्ष धाकड़, इमरान कुरैशी, ओम पंडित, श्याम भोजवानी, नितिन वर्मा, नरेन्द्र सिंह नंद, जफर कुरैशी, नासिर अब्बास, रघु यादव, फईम उस्मानी, राशिद मेव, चिराग तोमर, विपिन यादव, ममता शर्मा, मुन्नी बेगम, रूबी जादौन, लविश यादव, सिराज अब्बास सहित बड़ी संख्या में सपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
