दिल्ली में MCC ने अंपायरों को नए नियमों की बारीकियां समझाईं, हिंदी समेत कई भाषाओं में Laws of Cricket ऐप लॉन्च
संवाद।। सादिक जलाल
नई दिल्ली,: दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) ने 1 अक्टूबर 2026 से लागू होने वाले क्रिकेट के नए नियमों को लेकर दिल्ली में विशेष कार्यशाला आयोजित की। Marylebone Cricket Club (MCC) की ओर से आयोजित इस कार्यशाला में DDCA के अंपायरों और अधिकारियों ने हिस्सा लिया। MCC के Head of Cricket Fraser Stewart और Jonny Singer ने कार्यशाला का संचालन किया। इस दौरान नए संस्करण में किए गए नियमों के बदलावों को वीडियो उदाहरणों के जरिए समझाया गया। साथ ही अंपायरों और अधिकारियों के साथ सवाल-जवाब का सत्र भी हुआ। कार्यक्रम में MCC के नए Laws of Cricket App का हिंदी संस्करण भी लॉन्च किया गया। यह ऐप हिंदी, उर्दू, बांग्ला, कन्नड़ समेत कई भाषाओं में उपलब्ध है। इससे देशभर के अंपायरों, अधिकारियों और क्रिकेट प्रशंसकों को अपनी भाषा में क्रिकेट के नियमों को समझने में सुविधा होगी।
DDCA अध्यक्ष रोहन जेटली ने कहा कि क्रिकेट के नियम खेल और अंपायरिंग की बुनियाद हैं। नए नियम 1 अक्टूबर से लागू होने जा रहे हैं, इसलिए अंपायरों के लिए उनके बदलावों और मैदान पर व्यावहारिक इस्तेमाल को समझना जरूरी है। उन्होंने दिल्ली में MCC की मेजबानी और अंपायरों को उसके विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर मिलने पर खुशी जताई। MCC के Head of Cricket Fraser Stewart ने कहा कि नए नियम लागू होने से पहले DDCA के अंपायरों के साथ बातचीत करना उपयोगी रहा। कार्यशाला में नियमों में हुए बदलावों और मैदान पर उनके इस्तेमाल पर चर्चा की गई। उन्होंने हिंदी में ऐप की शुरुआत को भारत में क्रिकेट से जुड़े लोगों के लिए नियमों को आसानी से उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। DDCA के निदेशक श्याम शर्मा ने कहा कि MCC की इस पहल से दिल्ली के अंपायरों को नियमों की बेहतर समझ विकसित करने और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अंपायरिंग में सुधार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि DDCA भविष्य में ICC, BCCI और अन्य क्रिकेट बोर्डों के साथ भी ऐसी पहल जारी रखेगा।
नए नियमों में प्रमुख बदलाव
महिला और जूनियर क्रिकेट के उपकरणों का मानकीकरण: गेंद के आकार और वजन की सीमाओं को अधिक स्पष्ट करते हुए Size 1, 2 और 3 श्रेणियां निर्धारित की गई हैं।
Laminated Type D बैट की अनुमति: संबंधित संस्था के नियमों के अधीन अधिकांश वयस्क और Open-age क्रिकेट में Type D laminated बैट इस्तेमाल किए जा सकेंगे।
दिन का अंतिम ओवर पूरा होगा: खेल की परिस्थितियां अनुकूल रहने पर दिन का अंतिम ओवर विकेट गिरने के बावजूद पूरा किया जाएगा।
रन और Boundary Catch के नियम स्पष्ट: जानबूझकर Short Running नहीं किए जाने पर बल्लेबाज रन छोड़ सकता है। Boundary Catch में इस्तेमाल होने वाली “Bunny Hop” तकनीक को नियमों से हटा दिया गया है। Overthrow, Dead Ball और Dismissals पर स्पष्टता: Overthrow की औपचारिक परिभाषा के साथ गेंद के “finally settled” होने, विकेटकीपर की स्थिति, Hit Wicket, Run-out और Stumping से जुड़े नियमों को स्पष्ट किया गया है। क्रिकेट के नए नियम 1 October 2026 से लागू होंगे। दिल्ली का यह कार्यक्रम MCC के भारत दौरे का हिस्सा है। इसके बाद Ahmedabad, Kolkata और Bengaluru में भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
