आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के खंदौली थाना क्षेत्र में अलीगढ़ हाईवे पर शनिवार को डंपर और कंटेनर की आमने-सामने की टक्कर के बाद भीषण आग लग गई। हादसे में डंपर चालक और क्लीनर की जलकर मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो युवकों समेत तीन लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, दो युवक बाइक से सब्जी खरीदने के लिए सादाबाद मंडी गए थे। वापस लौटते समय उनके आगे चल रहे कंटेनर ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे बाइक कंटेनर से टकरा गई और उसमें फंस गई। दोनों युवकों ने किसी तरह एक-दूसरे को बाहर निकाला। बताया गया है कि कंटेनर चालक भी हादसे के बाद वाहन से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
इसी दौरान डंपर और कंटेनर की टक्कर के बाद डंपर में आग लग गई। आग की चपेट में आने से डंपर के चालक और क्लीनर की मौत हो गई। पुलिस ने ड्राइवर सीट से एक शव बरामद कर लिया है, जबकि दूसरे शव को निकालने का प्रयास किया गया। पुलिस दोनों मृतकों की पहचान कराने में जुटी है।
हादसे में बाइक सवार सुमित सिंह पुत्र प्रीतम सिंह और सीटू पुत्र दीवान सिंह, निवासी नगला जालिम, खंदौली घायल हुए हैं। एक अन्य व्यक्ति के भी घायल होने की सूचना है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों और दुर्घटना की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।
Times of Taj Disclaimer: यह खबर उपलब्ध प्रारंभिक जानकारी और संबंधित सूत्रों के आधार पर तैयार की गई है। पुलिस जांच और आधिकारिक पुष्टि के बाद तथ्यों में बदलाव संभव है।
