गांधी-शास्त्री जयंती पर कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ ने किया फल वितरण, महापुरुषों को किया नमन
एटा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के द्वितीय प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अजमल खान के नेतृत्व में श्रद्धा एवं सेवा भाव के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसजनों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए उनके सादगीपूर्ण जीवन, देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन किया।
इस अवसर पर समाज के असहाय एवं जरूरतमंद लोगों तथा अस्पतालों में उपचार करा रहे मरीजों को फल वितरित किए गए। कार्यक्रम के माध्यम से मानव सेवा, सामाजिक सद्भाव और जरूरतमंदों की मदद का संदेश दिया गया।

जिलाध्यक्ष अजमल खान ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को स्वतंत्रता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा की मिसाल कायम की। उनके आदर्श आज भी समाज और देश को सही दिशा दिखाते हैं।
उन्होंने कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने का वास्तविक उद्देश्य उनके विचारों को आत्मसात करना और समाज के कमजोर वर्गों की सेवा के लिए आगे आना है।
कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों महान विभूतियों के आदर्शों पर चलने तथा सामाजिक एकता और जनसेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
