158 नवजात शिशुओं तक पहुंचा 12,500 मिलीलीटर मां का दूध, सेवानिवृत्त पीसीएस एनके पालीवाल ने मेडिकल टीम को किया सम्मानित
आगरा। नवजात शिशुओं के लिए मां का दूध केवल पोषण नहीं, बल्कि जीवन की पहली सुरक्षा और अमृत के समान है। ऐसे शिशु जिन्हें समय पर मां का दूध उपलब्ध नहीं हो पाता, उनके लिए मदर मिल्क बैंक किसी वरदान से कम नहीं। इसी पुनीत सेवा को आगे बढ़ाने में जुटी मेडिकल टीम के समर्पण को श्री चंद्रभान साबुन वाले सेवा ट्रस्ट (पंजी.) ने सम्मान देकर उनका उत्साह बढ़ाया।
मुंशीपन्ना मातृत्व केंद्र स्थित ‘मदर मिल्क बैंक’ प्रकल्प, डी-2 प्रताप नगर, खतैना रोड पर ट्रस्ट के तत्वावधान में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवजात शिशुओं के लिए अमृततुल्य मां का दूध संकलित कर जरूरतमंद शिशुओं तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली समर्पित मेडिकल टीम का मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त पीसीएस एनके पालीवाल ने अभिनंदन एवं सम्मान किया।
समारोह में बताया गया कि मदर मिल्क बैंक प्रकल्प के माध्यम से अब तक 158 नवजात शिशुओं को लगभग 12,500 मिलीलीटर मां का दूध उपलब्ध कराया जा चुका है। इस सेवा के माध्यम से उन नवजातों को जीवन का संबल मिला, जिन्हें किसी कारणवश समय पर मां का दूध उपलब्ध नहीं हो पा रहा था।
मुख्य अतिथि एनके पालीवाल ने कहा कि नवजात शिशुओं की जीवन रक्षा के लिए मां के दूध को उपलब्ध कराने का यह प्रयास अत्यंत पुनीत और अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद नवजात तक मां के दूध की एक-एक बूंद पहुंचाना मानवता की सच्ची सेवा है। मेडिकल टीम जिस निष्ठा और सेवाभाव से इस कार्य में जुटी है, वह समाज के लिए प्रेरणादायी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ट्रस्ट के अध्यक्ष अशोक कुमार एडवोकेट ने कहा कि मदर मिल्क बैंक जैसी पहल समाज में संवेदना, सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करती है। नवजातों के जीवन को बचाने और उनके स्वस्थ भविष्य की नींव रखने वाली इस सेवा से अधिक महत्वपूर्ण कार्य कोई नहीं हो सकता। पांच नर्सिंग स्टाफ की टीम को कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। मंच संचालन रमेश चंद अग्रवाल ने किया।
समारोह में लोकहितम ब्लड बैंक के संजीव जैन, ट्रस्ट के महामंत्री मनोज अग्रवाल, राजकुमार गर्ग, सचिन गोयल, राजीव जैन, एचके बंसल, निधि विनय अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
