संवाद।।सादिक जलाल
लखनऊ। एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारतीय टीम मंगलवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में उतरेगी। मैच लखनऊ के बीआरएसएबीवी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। भारतीय टीम की कमान श्रेयरस अय्यर संभालेंगे। शीर्ष क्रम में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और ईशान किशन पर नजर रहेगी। ईशान किशन ने 2026 में टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 1005 रन बनाए हैं। मध्यक्रम में तिलक वर्मा, शिवम दुबे और नितीश कुमार रेड्डी टीम को मजबूती देंगे। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह भारतीय आक्रमण की अगुआई कर सकते हैं, जबकि कुलदीप यादव और अक्षर पटेल स्पिन विभाग संभालेंगे। जसप्रीत बुमराह को इस मुकाबले के लिए आराम दिया गया है।
वेस्टइंडीज की टीम में शाई होप कप्तान और विकेटकीपर की भूमिका में होंगे। उनके साथ युवा सलामी बल्लेबाज कामिल पूरन पारी की शुरुआत कर सकते हैं। शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड और रोमारियो शेफर्ड कैरेबियाई टीम के प्रमुख बल्लेबाजी विकल्प हैं, जबकि अकील हुसैन और शमर जोसेफ गेंदबाजी में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
एकाना की पिच पर शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है। बारिश के कारण सतह में नमी रहने पर अर्शदीप और वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाजों को शुरुआती फायदा मिल सकता है। वेस्टइंडीज ने इस मैदान पर खेले चार टी-20 में से तीन गंवाए हैं।भारत की नजर लगातार नौ टी-20 अंतरराष्ट्रीय जीत के सिलसिले को आगे बढ़ाने पर होगी, जबकि वेस्टइंडीज मजबूत खिलाड़ियों के साथ सीरीज की शुरुआत जीत से करना चाहेगा।
